
नईदुनिया प्रतिनिधि, कवर्धा। कबीरधाम जिले के तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुर्जनपुर के समीप हथियारबंद लुटेरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए सराफा व्यापारी से करीब 50 लाख रुपये के आभूषण और नकदी लूट ली। साप्ताहिक हाट-बाजार से लौट रहे कारोबारी और उनके साथी को सुनसान रास्ते में घेरकर बेरहमी से पीटा गया और कीमती सामान से भरा बैग छीनकर बदमाश फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे जिले के व्यापारिक वर्ग में भारी आक्रोश और भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सराफा व्यवसायी वेदप्रकाश सोनी अपने साथी नरेंद्र पटस्कार के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर दलदली के साप्ताहिक बाजार से सोने-चांदी के जेवरातों की बिक्री कर लौट रहे थे। शाम के समय जब वे दुर्जनपुर के पास पहुंचे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार 6 नकाबपोश बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। लुटेरों ने दोनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और आभूषणों व नकदी से भरा बैग लूटकर जंगल के रास्ते भाग निकले।
पीड़ित व्यापारी वेदप्रकाश सोनी के अनुसार लूटे गए बैग में लगभग 25 से 30 किलोग्राम चांदी के आभूषण, 10 से 15 ग्राम सोने के गहने और 1.50 लाख रुपये नकद मौजूद थे, जिसकी कुल कीमत करीब 50 लाख रुपये है। हालांकि, पुलिस द्वारा जारी प्राथमिक प्रेस विज्ञप्ति में चांदी की मात्रा 15 किलोग्राम से अधिक, सोना 10 से 15 ग्राम और नकदी 1.50 लाख रुपये बताई गई है। मात्रा को लेकर दोनों बयानों में थोड़ा अंतर सामने आया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने तत्काल अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में विशेष जांच दल गठित किया है। साइबर सेल सहित चार नजदीकी थानों की पुलिस टीमों को जंगल और सीमावर्ती इलाकों में कांबिंग ऑपरेशन के लिए उतारा गया है। पुलिस ने सीमावर्ती मार्गों पर नाकेबंदी कर संदिग्धों की धरपकड़ शुरू कर दी है।