कबीरधाम में स्टेयरिंग फेल होने से अनियंत्रित हुई बस खेत में पलटी, 60 यात्री थे सवार, पांच घायल
कबीरधाम जिले के दशरंगपुर चौकी अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर पनेका गांव के पास नफीस ट्रेवल्स की एक यात्री बस अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। बस में ...और पढ़ें
By Paritosh DubeyEdited By: Paritosh Dubey
Publish Date: Mon, 08 Jun 2026 02:21:02 PM (IST)Updated Date: Mon, 08 Jun 2026 03:00:08 PM (IST)
दुर्घटना के बाद अपने अपने सामान के पास बैठे बस के यात्री। नईदुनिया नईदुनिया प्रतिनिधि, कबीरधाम। कबीरधाम जिले के एनएच-30 पर रविवार को उस समय एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब रायपुर से उत्तर प्रदेश के लखनऊ जा रही नफीस ट्रेवल्स की यात्री बस अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे गहरे खेत में पलट गई। दुर्घटना होते ही बस के भीतर चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि दुर्घटना की आवाज सुनते ही पनेका गांव के स्थानीय ग्रामीण बिना वक्त गंवाए राहत कार्य के लिए मौके पर दौड़ पड़े।
स्टेयरिंग फेल होने की आशंका
ग्रामीणों की तत्परता और सूचना के महज 10 मिनट के भीतर दशरंगपुर पुलिस व जिला यातायात प्रभारी अजयकांत तिवारी अपनी टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। क्रेन और स्थानीय संसाधनों की मदद से सभी 60 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना में चोटिल हुए पांच यात्रियों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। बस ड्राइवर के अनुसार अचानक स्टेयरिंग फेल होने से यह वाकया हुआ।
सुरक्षा मानकों पर सवाल
रायपुर-लखनऊ मार्ग पर संचालित इस बस में क्षमता से अधिक करीब 60 मजदूर और कामगार सफर कर रहे थे। इस हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी की यात्री बसों में सुरक्षा मानकों और नियमित निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नहीं हुई जनहानि
दुर्घटना की सूचना मिलते ही टीम के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। मौके पर पहुंचकर पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और अन्य विभागों के सहयोग से बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का कार्य किया गया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। राहत की बात रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
- अजयकांत तिवारी, जिला यातायात प्रभारी, कबीरधाम