
कवर्धा(ब्यूरो)। एक साल हो गए घर बनाने का सपना अधूरा सा रह गया है। एक साल पहले जब इंदिरा आवास योजना के तहत मकान बनाने की अनुमति मिली तो लगा कि अब हमारा भी घर होगा, लेकिन घर के इंतजार में अब आंखे पथराने लगी है। ग्राम बरदुली निवासी वीणा बाई को अब तक इंदिरा आवास की राशि नहीं मिली है, जिसके कारण वीणा बाई के घर का सपना अधूरा रह गया है।
वीणा बाई ही नहीं ग्राम बारदी, बिरकोना, धरमपुरा, खड़ौदा, भेदली, सोनबरसा के लगभग 30 से अधिक परिवार के घर का सपना अब तक अधूरा है। यहां के ग्रामीणों को इंदिरा आवास योजना के तहत आवास निर्माण के लिए अब तक एक भी किश्त की राशि उपल्बध नहीं हो पाई है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने सोमवार को कलेक्टोरेट पहुंचे। ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपकर जल्द ही राशि दिलाने की मांग की है।
प्रदेश सरकार के मंशानुरूप आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए कम कीमत में आवास उपलब्ध कराने के लिए इंदिरा आवास योजना की शुरूआत की गई थी। जिले भर में यह योजना लागू होते ही लोगों को छत मिलने का विश्वास हो गया, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों की निष्क्रियता के चलते यह योजना दम तोड़ चुकी है, जिसे लेकर लोगों में रोष व्याप्त है। ग्राम बारदी, बिरकोना, धरमपुरा, खड़ैादा, भेदली, सोनबरसा के लगभग 30 ग्रामीणों को इंदिरा आवास के तहत राशि स्वीकृत करने के लिए चिन्हांकित किया गया था, लेकिन अब तक इनको राशि नहीं मिल पाई है, जिसके कारण मकान नहीं बन पाया है। हितग्राहीयों ने बताया कि एक वर्ष पूर्व राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री के जनदर्शन कार्यक्रम में सभी ने मिलकर मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह को आवास के लिए आवेदन किया था जिसे प्रमुखता से लेते हुए उनके द्वारा जिला पंचायत कबीरधाम को कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया। जिला पंचायत द्वारा 30 हितग्राहियों की सूची जारी की गई, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी राशि अब तक नहीं मिल पाई है।
पैसे के लिए काट रहे चक्कर : ग्रामीण वीणा बाई, रामबती यादव, देवकी यादव, कलिन्दरी, सरस्वती, सुरूज बाई, कुमारी बाई, शान्ति बाई ने बताया कि इंदिरा आवास के तहत मकान निर्माण के लिए 70 हजार रुपए दिया जाता है। एक वर्ष पूर्व आवास की स्वीकृति मिली तो लगा कि जल्द ही सपनों का घर बन जाएगा, लेकिन अब तक पैसा नहीं मिला। पैसे के लिए जनपद के चक्कर काट रहे हैं। रकम मिलते ही मकान बनाने का काम शुरू करेंगे।