
नईदुनिया न्यूज, कवर्धा। किसानों की मांगों को लेकर आज 8 अक्टूबर को कवर्धा की सड़कों पर ट्रैक्टरों का बड़ा जमावड़ा होने वाला है। भारतीय किसान संघ के अनुसार जिलेभर से 1000 से अधिक ट्रैक्टरों के साथ बलराम किसान न्याय यात्रा जिला मुख्यालय पहुंचेगी। किसान अपनी 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन शासन के प्रतिनिधि को सौंपेंगे। मांगों पर सकारात्मक जवाब नहीं मिलने पर संघ ने आंदोलन को अनिश्चितकालीन करने की चेतावनी दी है। संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर पहले से बैरिकेडिंग कर यातायात व्यवस्था की तैयारी कर ली है।
किसान संघ की प्रमुख मांगों में गन्ने पर 150 रुपए बोनस, गन्ना और सभी बागवानी फसलों को कृषक उन्नति योजना से जोड़कर 15000 रुपए प्रति एकड़ प्रतिवर्ष आदान सहायता देना शामिल है। धान के समर्थन मूल्य में पिछले तीन वर्षों में हुई वृद्धि को 3100 रुपए में जोड़कर भुगतान करने और पिछली सरकार के समय की लंबित चौथी किश्त जल्द देने की मांग भी रखी जाएगी।
इसके अलावा जिले के दोनों शक्कर कारखानों का क्षमता विस्तार, घूमंतू गोवंश का पुनर्वास, सभी समितियों में धान की तौल 40.700 किलो करने, सुतियापाठ जलाशय की नहर-नाली विस्तार और पिलारी नहर निर्माण की मांग है। घोघरा नहर-नाली विस्तार, नेवारी व्यपवर्तन को खपरी तक विस्तार की स्वीकृति और करिया आमा बांध निर्माण भी मांगों में शामिल हैं। गन्ना किसानों के त्वरित भुगतान के लिए मंडी बोर्ड से रिवॉल्विंग फंड और गन्ने की फसल का बीमा शुरू करने की मांग भी की जाएगी।
आंदोलन में किसानों की मांगों के साथ धार्मिक आयोजन भी होगा। लोहारा रोड-रायपुर बायपास, बिलासपुर रोड जोराताल चौक और रायपुर रोड स्थित सागर मोबाइल के पास हरिकीर्तन रामधुनी आयोजित की जाएगी। संघ के अनुसार आंदोलन में शामिल किसानों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी।
संभावित भीड़ और ट्रैक्टरों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने समनापुर-भोरमदेव तिराहा, घोटिया रोड, अवंती बाई चौक-न्यू बस स्टैंड तथा सांसद निवास स्थित बायपास-गौरव पथ मार्ग पर एहतियातन बैरिकेडिंग की है। इन मार्गों पर यातायात नियंत्रित करने के लिए आवश्यक पुलिस बल तैनात किया जाएगा। स्कूली बस और एंबुलेंस का आवागमन निर्बाध रखने की व्यवस्था रहेगी।
आवागमन सामान्य रखने पर ध्यान
किसानों की मांगों को सरकार तक मजबूती से पहुंचाने के लिए बलराम किसान न्याय यात्रा निकाली जाएगी। 1000 से अधिक ट्रैक्टर आने की संभावना है। रामधुनी के साथ किसानों के भोजन की व्यवस्था भी रहेगी। स्कूली बस और एंबुलेंस का आवागमन निर्विरोध रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
दिनेश चंद्रवंशी, मीडिया प्रभारी, भारतीय किसान संघ, कबीरधाम
पर्याप्त बल रहेगा तैनात
आंदोलन को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग और पर्याप्त बल की व्यवस्था रहेगी। एंबुलेंस, स्कूली बस और अन्य आवश्यक सेवाओं के आवागमन को प्राथमिकता देते हुए यातायात नियंत्रित किया जाएगा।
जितेंद्र यादव, पुलिस अधीक्षक, कबीरधाम
लगाई गई है बेरीकेडिंग
ट्रैक्टरों की संख्या और संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध रहेंगे। एंबुलेंस, स्कूली बस और जरूरी वाहनों के आवागमन में बाधा न आए, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।
अजयकांत तिवारी, उप निरीक्षक, यातायात, कबीरधाम
...................................................................................................................................................................