
नईदुनिया न्यूज, कवर्धा। कबीरधाम शिक्षा विभाग में ऑनलाइन हाजिरी के आधार पर सितंबर का वेतन रोकने का मामला अब सूची में शामिल नामों को लेकर गंभीर हो गया है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने एक से 23 सितंबर तक व्हीएसके एप में उपस्थिति शून्य दर्ज होने के कारण 196 शिक्षकों-कर्मचारियों का सितंबर 2026 का वेतन आगामी आदेश तक रोक दिया है।
विभागीय आदेश के बाद छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने सूची में शामिल कर्मचारियों की स्थिति सामने रखी है। संगठन ने बताया कि सूची में 8 दिवंगत, 4 सेवानिवृत्त और 3 दूसरे जिलों में स्थानांतरित शिक्षक भी शामिल हैं। इसके अलावा 24 शिक्षक संतान पालन अवकाश, 2 मातृत्व अवकाश और एक शिक्षक विभागीय बीएड में हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के आदेश के अनुसार लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देश पर स्कूलों और कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों की उपस्थिति ऑनलाइन एप के माध्यम से दर्ज की जा रही है।
एक से 23 सितंबर की रिपोर्ट में संबंधित कर्मचारियों की उपस्थिति 00 दिवस दर्ज होने पर सितंबर का वेतन आगामी आदेश तक तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्देश दिया गया। उपलब्ध ऑनलाइन रिपोर्ट में उपस्थित दिवस यानी पी कॉलम में संबंधित प्रविष्टियों के सामने शून्य दर्ज है।
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने बताया कि वेतन रोकने वाली सूची में बनऊ मेरावी, सोहन श्रीवास्तव, संध्या यादव, नीता साहू, राजश्री चंदेल, श्यामाचरण देवांगन, विमल धुर्वे और निर्मला साहू के नाम शामिल हैं। संगठन के अनुसार ये शिक्षक दिवंगत हो चुके हैं।
संगठन ने सूची में गिरधर परमार, तिरथेश्वर तिवारी, चंद्रप्रकाश जोगांश और सुंदर मेरावी के नाम सेवानिवृत्त शिक्षकों के रूप में बताए हैं। वहीं आरती प्रिया मिश्रा, संगीता गुप्ता और सालिक राठौर दूसरे जिलों में स्थानांतरित हो चुके शिक्षकों के रूप में बताए गए हैं।
संगठन के अनुसार संतान पालन अवकाश पर रहने वाले शिक्षकों में गुनेश्वरी चौबे, पूर्णिमा कश्यप, उमा साहू, मंजू शर्मा, प्रीति मंडावी, स्वाति केशरवानी, दीपा शर्मा, सरिता गुप्ता, डाली शर्मा, स्नेहा शुक्ला, ललिता चंद्राकर, विलाशिनी श्रीवास्तव, राखी तिवारी, अनुराधा तिवारी, विमलेश कुर्रे, भगवती राजपूत, मंजू कुर्रे, शुभांगी तिवारी, कल्याणी साहू, आरती गुप्ता, अफसर बेगम, रीना कंठले, मिथलेश कश्यप और दुलेश्वरी खुसरो के नाम शामिल हैं। इसके अलावा कुमुद भारती और लक्ष्मी पाण्डेय मातृत्व अवकाश पर तथा कंचन टाटम्या विभागीय बीएड में हैं।
टीचर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. रमेश कुमार चंद्रवंशी ने शुक्रवार को जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र देकर सूची तैयार करने में हुई लापरवाही की जिम्मेदारी तय करने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
संगठन के हस्तक्षेप के बाद शिक्षा विभाग ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और आहरण-संवितरण अधिकारियों से मृतक, सेवानिवृत्त, स्थानांतरित तथा अवकाश पर रहे कर्मचारियों के नाम और संबंधित कारणों की जानकारी मांगी है।
गलती जहां हुई है, उसे चिह्नित कर सूची में सुधार किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी मंगाई गई है। अभिलेखों का मिलान कराने के बाद वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।- एफआर वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी, कबीरधाम