
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने जिला पुलिस इकाई में प्रशासनिक दृष्टिकोण से बड़ा फेरबदल करते हुए चार प्रधान आरक्षक और छह आरक्षकों समेत 10 पुलिसकर्मियों का तबादला किया है। तबादला सूची में पाली थाने के आरक्षक नरेश बंजारे और रामकुमार चन्द्रा भी शामिल हैं।
दोनों आरक्षकों के खिलाफ क्षेत्र से लगातार शिकायतें पुलिस अधिकारियों तक पहुंच रही थीं। इनमें एक पार्षद के रिश्तेदार को आबकारी अधिनियम के झूठे मामले में फंसाने, दुकान में जाकर बार-बार परेशान करने और धमकाने की शिकायत भी शामिल थी। मामले की जांच कटघोरा एसडीओपी विजय राजपूत ने की थी।
बताया जा रहा है कि पाली नगर पंचायत क्षेत्र के एक पार्षद के रिश्तेदार ने शिकायत की थी कि उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत गलत तरीके से प्राथमिकी दर्ज की गई और इसके बाद दुकान पर पहुंचकर उसे लगातार परेशान तथा धमकाया गया। शिकायत पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने के बाद एसपी ने मामले की जांच के निर्देश दिए थे।
यह भी पढ़ें- पहले पकड़ो सांप: कोरबा में अजीब मामला, सर्पदंश के इलाज के लिए अस्पताल मंगाया गया कोबरा, फिर शुरू हुआ उपचार
कटघोरा एसडीओपी ने जांच शुरू की तो शिकायतकर्ता पर शिकायत वापस लेने और समझौता करने का दबाव बनाए जाने की बात भी सामने आई। इसके बावजूद शिकायतकर्ता पीछे नहीं हटा और अपनी शिकायत पर कायम रहा। जांच के बाद पुलिस अधीक्षक ने पाली थाने में पदस्थ दोनों आरक्षकों का तबादला कर दिया।
आरक्षक नरेश बंजारे को पाली से श्यांग थाना भेजा गया है, जबकि रामकुमार चन्द्रा को पाली से लेमरू थाना स्थानांतरित किया गया है। इनके स्थान पर आरक्षक राकेश कुमार कंवर को श्यांग और संजू कुमार श्रीवास को लेमरू से पाली थाना भेजा गया है। तबादला सूची में प्रधान आरक्षकों को भी इधर से उधर किया गया है।
प्रधान आरक्षक रामबाबू चौहान को श्यांग थाना और उमेश दुबे को पसान थाना से पुसके सीएसईबी भेजा गया है। वहीं प्रधान आरक्षक धनंजय कुमार सिंह को पुसके सीएसईबी से बांगो तथा शिवशंकर सिंह को बांगो से पसान थाना भेजा गया है। इसके अलावा आरक्षक गंगाराम डाण्डे और धन्नूलाल की पदस्थापना भी बदली गई है। दोनों का क्रमशः कटघोरा और उरगा थाने के बीच तबादला किया गया है।