
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा। धान खरीदी शुरू होते ही वनांचल में हाथियों की मौजूदगी ने उपार्जन केंद्रों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। कोरबा और कटघोरा वनमंडल में 73 हाथियों के विचरण से 24 से अधिक खरीदी केंद्रों पर खतरा मंडरा रहा है। धान की गंध से आकर्षित होकर हाथियों के केंद्रों तक पहुंचने और नुकसान पहुंचाने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने वैकल्पिक भंडारण की व्यवस्था शुरू की है।
कोरबा वनमंडल के लबेद में संग्रहण केंद्र बनाया जाएगा, जहां हाथी प्रभावित उपार्जन केंद्रों का धान रखा जाएगा। कटघोरा वनमंडल में भी इसी तरह की व्यवस्था के लिए जगह तलाश की जा रही है। लबेद में प्रस्तावित संग्रहण केंद्र की क्षमता 10 लाख क्विंटल है।
यहां हाथी प्रभावित केंद्रों के अलावा उन उपार्जन केंद्रों का धान भी रखा जा सकेगा, जहां भंडारण की जगह कम पड़ रही है या खरीदी के बाद उठाव में देरी से जाम की स्थिति बन रही है। धान की सुरक्षा के लिए वन कर्मियों की तैनाती के साथ हाई मास्ट लाइट और तार फेंसिंग की व्यवस्था की जाएगी। इससे खुले में धान का भंडार कम रखने और हाथियों के पहुंचने की स्थिति में नुकसान रोकने में मदद मिलेगी।
पिछले खरीदी सीजन में हाथियों ने कई उपार्जन केंद्रों में घुसकर धान खाया था। इस दौरान शेड और तार फेंसिंग को भी क्षति पहुंचाई थी। इस बार खरीदी शुरू होते ही हाथियों की सक्रियता सामने आने से प्रशासन और वन विभाग ने पहले से सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। पसान, केंदई, एतमा नगर, कुदमुरा, करतला और बालको क्षेत्र के खरीदी केंद्रों को विशेष संवेदनशील माना गया है।
हाथी प्रभावित बासिन-संडेल सहित आधा दर्जन से अधिक वन क्षेत्रों में वॉच टॉवर बनाए गए हैं। इन पर वन कर्मियों की तैनाती कर दिन और रात हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। उप वन मंडलाधिकारी मणिकांत वर्मा ने बताया कि धान उपार्जन केंद्रों के आसपास हाथियों के दल की मौजूदगी को देखते हुए सभी संबंधित कर्मियों को सतर्क किया गया है।
हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने वन विभाग ने गश्ती दल और हाथी मित्रों को सक्रिय किया है। केंद्र प्रभारियों को रात में पर्याप्त रोशनी रखने, धान का अनावश्यक भंडारण नहीं करने और उठाव में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि समय रहते खरीदी केंद्रों को सतर्क किया जा सके। ग्रामीणों और किसानों को भी हाथियों के करीब जाने से बचने तथा उनकी गतिविधियों की सूचना तत्काल वन विभाग को देने कहा गया है।
उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं ने कोरबा और कटघोरा वनमंडल के अधिकारियों को पत्र भेजकर हाथी प्रभावित उपार्जन केंद्रों की सूची साझा की है। इसमें श्यांग, लेमरू, बरपाली, चिरो, कोरबा, कोरकोमा, चचिया, कुदमुरा, जटगा, कटघोरा, पसान, लैंगा, मोरगा, पोड़ी उपरोड़ा, सिरमिना, कुल्हरिया, कोरबी, परसा, पिपरिया, सोहागपुर, लबेद, करतला, रामपुर, मदवानी, नवापारा और बेहरचुआ सहित अन्य केंद्र शामिल हैं।
जिला खाद्य अधिकारी घनश्याम सिंह कंवर ने बताया कि हाथी प्रभावित उपार्जन केंद्रों में धान की सुरक्षा और भंडारण की समस्या से निपटने के लिए लबेद को संग्रहण केंद्र बनाया जा रहा है। यहां 24 प्रभावित केंद्रों का धान रखा जाएगा। जरूरत पड़ने पर कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में भी संग्रहण केंद्र खोलने की तैयारी है। यहां धान की सुरक्षा के लिए वन कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
इस बार जिले में आठ नए धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी शुरू की गई है। किसानों के पंजीयन और खरीदी के रकबे में वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन ने 31 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया है। रिसाइक्लिंग की समस्या से निजात पाने के लिए शासन ने इस बार खरीदी पूरी होने के बाद धान उठाव की योजना बनाई है।
15 जनवरी तक खरीदी चलेगी। इसके बाद डीओ जारी करने में संग्रहण केंद्रों में रखे धान के उठाव को प्राथमिकता दी जाएगी। मिलिंग में तेजी लाने के लिए जिले में मिलर्स की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। मिलर्स से अनुबंध की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।