
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : दुर्गा उत्सव के दौरान पंडाल और दशहरा मैदान की सुरक्षा में तैनात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) का एक जवान नशे की हालत में मिला। शनिवार रात सुभाष चौक स्थित दशहरा मैदान में ड्यूटी के दौरान जवान पर बजरंग दल के सदस्यों से गाली-गलौज करने और उनकी गाड़ी की चाबी निकालने का आरोप लगा। घटना के बाद मौके पर हंगामा शुरू हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जवान की ब्रेथलाइजर जांच कराई, जिसमें उसके नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे सिविल लाइन थाने ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि दुर्गा उत्सव के दौरान बजरंग दल और हिंदू परिषद की टीम शहर के अलग-अलग दुर्गा पंडालों का भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान टीम सुभाष चौक स्थित दशहरा मैदान के फेस-वन के पास पहुंची। यहां सीएएफ जवान पवन कुमार, बैच नंबर आठ की ड्यूटी लगी हुई थी।
टीम के सदस्यों का आरोप है कि जवान ने उन्हें रोककर उनकी गाड़ी की चाबी निकाल ली। जब उन्होंने जवान से बातचीत की, तो उसके शराब के नशे में होने का संदेह हुआ। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। बजरंग दल के सदस्यों ने जवान पर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़ें- कोरबा में चलती कार पर रील स्टंट करना पड़ा भारी, तीन महिलाओं पर FIR, स्वीट्स कारोबारी की कार जब्त होने की तैयारी
विवाद बढ़ने पर मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों के सामने भी बजरंग दल के सदस्यों ने विरोध जताया। उनका आरोप था कि यदि कोई आम नागरिक नशे की हालत में इस तरह का व्यवहार करता, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती। उन्होंने जवान के विरुद्ध भी वैसी ही कार्रवाई करने की मांग की। वायरल वीडियो में कुछ लोग जवान पर धमकी देने और ठीक से चल नहीं पाने का आरोप लगाते हुए सुनाई दे रहे हैं।
मेडिकल जांच के बाद विभाग को भेजा जाएगा पत्र
हंगामे की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। जवान की ब्रेथलाइजर जांच कराई गई, जिसमें उसके नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे सिविल लाइन थाने ले जाया गया। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि जवान का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मामले में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के संबंधित विभाग को पत्र जारी किया जाएगा। आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।