
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : दीपका क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित सिंह रेस्टोरेंट की पार्किंग में खड़ी गाड़ियों से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि थार और मारुति कार समेत कई वाहन आपस में टकराकर क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। पूरी घटना रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। राहत की बात रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना गेवरा-दीपका-कटघोरा मार्ग पर सिंह रेस्टोरेंट के सामने की है। रेस्टोरेंट संचालक अक्षय सिंह ने बताया कि बीती रात रेस्टोरेंट के सामने पार्किंग में थार, मारुति कार समेत कई वाहन खड़े थे। इसी दौरान दीपका के बजरंग चौक की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन एक-दूसरे से भिड़ गए, जिससे कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। बोलेरो में चालक समेत तीन लोग सवार थे।
दुर्घटनाग्रस्त वाहन एसईसीएल में नियोजित बताया जा रहा है। उसका चालक विजयनगर का निवासी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार या नशे की हालत में वाहन चलाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में सिम्स के गेट पर ऑटो चालक की दबंगई: टीआई से की धक्का-मुक्की व गाली-गलौज, वीडियो वायरल
हादसे की सूचना मिलने पर दीपका पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को जब्त कर लिया। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। गनीमत रही कि हादसे के समय पार्किंग के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा इसकी चपेट में आने से बड़ा हादसा हो सकता था।