
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा। मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में बाइक चोरी का प्रयास करने वाले एक युवक की खंभे से बांधकर पिटाई की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे जिले में इसकी चर्चा शुरू हो गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
युवक पर बाइक चोरी का आरोप लगाते हुए उसे अस्पताल परिसर में बिजली के खंभे से बांध दिया गया। सुरक्षा एजेंसी से जुड़े कर्मचारियों ने विशाल सागर निवासी पंप हाउस को अर्धनग्न अवस्था में बांधकर उसकी पिटाई की। घटना उस परिसर में हुई, जहां सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी के पास है।
वीडियो सामने आने के बाद सवाल यह उठ रहा है कि चोरी करते पकड़े गए आरोपित को सीधे पुलिस के हवाले करने की जगह कानून को हाथ में लेते हुए सुरक्षा कर्मियों ने मारपीट क्यों की। उस वक्त पुलिस ने इस मामले का जांच पड़ताल करने का प्रयास नहीं किया कि युवक के साथ किस तरह का सलूक किया गया था।
मामला सिविल लाइन थाना रामपुर क्षेत्र का बताया जा रहा है। यह वीडियो उस वक्त सामने आया, जब बाइक चोरी के आरोपित के विरुद्ध पुलिस ने मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच करने की बात कह रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील परिसर में इस प्रकार की घटना चिंता का विषय है। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने मांग की है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले का कहना है कि जो वीडियो सामने आया है उस मामले की जांच की जाएगी।