Weather Update Korba : बदली छंटते ही गर्मी का असर शुरू, तापमान पहुंचा 38 पर
द्रोणिका व चक्रवात के कम होने का असर
By Suresh kumar Dewangan
Edited By: Manoj Kumar Tiwari
Publish Date: Sat, 30 Mar 2024 06:59:30 AM (IST)
Updated Date: Sat, 30 Mar 2024 06:59:30 AM (IST)
टीपी नगर मार्ग का दृश्य नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा । लंबे समय से आसमान में छा रही बदली के बाद मौसम साफ होने के साथ गर्मी का असर तेज होने लगा है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। शुक्रवार को सुबह से मौसम साफ रहा। दोपहर को अधिकतम तापमान 38 डिग्री पहुंच गया। द्रोणिका व चक्रवात कमजोर होने के बाद अब दक्षिण दिशा से कम मात्रा में नमीयुक्त हवा आ रही है। इससे तापमान में इजाफा हो रहा है। अब मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान में आगे भी बढ़ोतरी हो सकती है।
अधिकांश समय तक मौसम साफ रहने के आसार है। दोपहर में धूप के बीच आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार 31 मार्च तक दोपहर में धूप-बादल के आसार है, लेकिन बारिश होने की संभावना नहीं है। हवा विच्छेदन दक्षिण आंतरिक कर्नाटक से लेकर पूर्वी विदर्भ तक औसत समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। इसलिए मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना है।