
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा: एक निजी अस्पताल में भर्ती नवप्रसूता सोमवार शाम अचानक लापता हो गई। स्वजन और अस्पताल कर्मी उसकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार दोपहर अस्पताल से करीब 150 मीटर दूर एक निजी बाड़ी की झाड़ियों में उसका शव दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका मिला। महिला की पहचान कांता केवट के रूप में हुई है। वह करीब छह दिन पहले ही बच्चे को जन्म देने के बाद अस्पताल में भर्ती थी।
बताया जा रहा है कि कटघोरा थाना क्षेत्र की कांता को प्रसव के लिए जेंजरा स्थित निजी जीवांश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब छह दिन पहले उसने शिशु को जन्म दिया था। शिशु की हालत गंभीर होने के कारण उसे अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष में रखा गया था। इसी बीच 14 सितंबर की शाम सात बजे कांता बिना किसी को बताए अस्पताल से निकल गई।
उसके लापता होने के बाद स्वजन ने तस्वीर समेत सूचना प्रसारित कर लोगों से तलाश में मदद मांगी। मंगलवार दोपहर अस्पताल के पिछले हिस्से से कुछ दूरी पर स्थित एक निजी बाड़ी में झाड़ियों के बीच युवती के फंदे से लटके होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे स्वजन ने उसकी पहचान कांता केंवट के रूप में की। सूचना मिलने पर कटघोरा पुलिस भी मौके पर पहुंची और वैधानिक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
साथ ही मामले की जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। महिला अस्पताल से किन परिस्थितियों में निकली और उसकी मौत कैसे हुई, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
यह भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की छत्तीसगढ़ सरकार की एसएलपी, चार सौ से ज्यादा कांस्टेबल अभ्यर्थियों को राहत