
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : घर के बाहर खड़ी एक्टिवा के वाइजर में जहरीला कामन करैत सांप छिपा मिला। समय रहते परिवार की नजर सांप पर पड़ गई, जिससे संभावित हादसा टल गया। सूचना पर वन विभाग और रेस्क्यू कोरबा रेस्क्यू सोसायटी (आरसीआरएस) की टीम मौके पर पहुंची और सावधानी से सांप को बाहर निकालकर सुरक्षित डिब्बे में बंद किया।
घटना पोड़ीबहार निवासी अंजलि यादव के घर के बाहर की है। परिवार ने एक्टिवा में सांप को छिपा देखा तो उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग और आरसीआरएस को सूचना दी गई। रेस्क्यू टीम के अनुसार, सांप कॉमन करैत था, जो बेहद विषैले सांपों में शामिल है।
सूचना मिलते ही आरसीआरएस अध्यक्ष अविनाश यादव अपने सहयोगी मानस के साथ मौके पर पहुंचे। सांप एक्टिवा के वाइजर के संकरे हिस्से में छिपा हुआ था। ऐसी जगह से उसे निकालने में विशेष सावधानी बरतनी जरूरी थी। छेड़छाड़ करने या खुद पकड़ने की कोशिश में सांप के काटने का खतरा हो सकता था।
टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू कर सांप को बाहर निकाला और डिब्बे में बंद कर दिया। समय पर सूचना मिलने और प्रशिक्षित टीम के पहुंचने से संभावित दुर्घटना टल गई।
वाइजर में सांप, सूचना, आरसीआरएस टीम की कार्रवाई और जंगल में रिहा
एक्टिवा में दिखा जहरीला सांप: अंजलि यादव के घर के बाहर खड़ी एक्टिवा के वाइजर में जहरीला कॉमन करैत सांप छिपा हुआ देखा गया।
वन विभाग व RCRS को सूचना: परिजनों ने बिना किसी छेड़छाड़ के तुरंत वन विभाग और स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचित किया।
सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन: आरसीआरएस अध्यक्ष अविनाश यादव व साथी मानस ने संकरे हिस्से से सांप को बिना नुकसान पहुंचाए बाहर निकाला।
जंगल में सुरक्षित रिहाई: डिब्बे में बंद करने के बाद सांप को वन विभाग के समन्वय से सुरक्षित प्राकृतिक पर्यावास (जंगल) में छोड़ा गया।