कोरबा (नईदुनिया प्रतिनिधि)। नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक पांच में बनाए गए सियान सदन में दूसरे वार्ड के पार्षद को महत्व देने पर विपक्षी पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया। अपर आयुक्त से मुलाकात कर विरोध जताते हुए कहा कि व्यव्स्था दुरूस्त नहीं की जाती है तो भाजपा पार्षद अपनी मनमर्जी से काम करेंगे। साथ ही सियान सदन के रंग पर आपत्ति जताई। इस पर आयुक्त ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल रंग हटाने की प्रक्रिया शुरू कराई।
नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक पांच में सियान सदन बनाया गया है, पर भवन में वार्ड क्रमांक छह के पार्षद का नाम लिख दिया गया और कांग्रेस का रंग पोत दिया। इसकी जानकारी होते ही भाजपा पार्षदों में नाराजगी व्याप्त हो गई। व्यवस्था को अनुचित बताते हुए अपर आयुक्त से मिलकर भाजपा पार्षदों ने विरोध जताया। नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल ने सियान सदन में स्थानीय पार्षद की उपेक्षा करते हुए कांग्रेसी रंग में रंगने के प्रयास को गैरजरूरी और अवैधनिक बताया। अपर आयुक्त खजांची कुम्हार से मुलाकात कर पार्षदों ने साफ कहा कि चाहे जिस मजबूरी में यह सब किया गया हो, इसे तत्काल ठीक किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि ऐसा नही किया जाता है, तो भविष्य में सभी भाजपा पार्षद अपने वार्ड में विकास कार्य अपने तरीके से करेंगे।वार्ड पार्षद धनश्री साहू ने बताया कि नगर निगम द्वारा अधोसंरचना मद से धनवारपारा वार्ड संख्या पांच में सियान सदन बनाया है। इसके विपरीत भवन में उनके नाम (धनश्री साहू) के बजाय वार्ड छह के कांग्रेस पार्षद का नाम अंकित कर दिया गया है, यह आपत्तिजनक है। इस दौरान पार्षद ऋतु चौरसिया, सुफल दास महंत, नरेन्द्र देवांगन, नारायण दास महंत, निखिल शर्मा, कमला बरेठ सहित भाजपा पार्षद उपस्थित रहे। भाजपा पार्षदो के आपत्ति के बाद आयुक्त ने भवन के कांग्रेसी रंग को हटवा दिया।
हितानंद पर कांग्रेस ने लगाया तिरंगा के अपमान का आरोप
नवनिर्मित सियान सदन में किए गए रंग रोगन को लेकर राजनीति गर्माने लगी है। भाजपा के विरोध बाद भवन में पोताई कर दी गई। इसे कांग्रेस ने तिरंगा का अपमान बताते हुए नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल के खिलाफ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। वार्ड क्रमांक छह के पार्षद धरम निर्मले ने महापौर राजकिशोर प्रसाद, कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष द्वय सपना चौहान, सुरेंद्र जायसवाल, ब्लाक अध्यक्ष संतोष राठौर, एल्डरमैन सनददास दीवान समेत अन्य कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली में लिखित पत्र दिया। इसमें उन्होंने कहा कि इतवारी बाजार के पास चित्रा टाकिज के सामने मेरे द्वारा अधोसंरचना मद तहत दिए गए प्रस्ताव पर सियान सदन का निर्माण नगर निगम द्वारा किया गया। इसमें बुजुर्गों के मांग पर भारत के राष्ट्रीय तिरंगा कलर की पट्टिका बनाकर सियान सदन अंकित किया गया था, इसका विरोध करते हुए हितानंद अग्रवाल द्वारा निगम अधिकारियों पर अनुचित दबाव डालकर तिरंगा पट्टिका को मिटा दिया गया। साथ ही हितानंद द्वारा इंटरनेट मिडिया में तिरंगा का अपमान किया है। उपरोक्त स्थल में पूर्व में तिरंगा कलर पुताई की गई थी। इसके पूर्व में भी कोहड़िया स्थित नगर निगम द्वारा निर्मित यात्री प्रतिक्षालय में भी तिरंगा कलर की पुताई की गई है और संपूर्ण शहर ही नहीं छत्तीसगढ़ प्रदेश में तिरंगा कलर की स्ट्रीप लाइट लगाकर शहर को रोशन किया गया है। हितानंद अग्रवाल एवं उसके कुछ पार्षद शहर के अंदर आपसी भाईचारा एवं राष्ट्रीय एकता को बाधित करना चाहते हैं तथा दुष्प्रचार कर दुषित राजनीति कर रहे है। इसलिए पार्षद हितानंद के खिलाफ तिरंगे का अपमान करने के जुर्म में प्राथमिकी दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाए।
तिरंगा में अशोक चक्र रहता है, इसमें नहीं थातिरंगा में अशोक चक्र होता है, पर सियान सदन में ऐसा नहीं था। कांग्रेस के झंडा का रंग पोता गया था। किसी भी सार्वजनिक भवन में पार्टी विशेष का झंडा का रंग नहीं लगाया जाता है। स्थानीय पार्षद के साथ सभी पार्षदों ने इस पर आपत्ति जताते हुए निगम से कार्रवाई की मांग की और निगम ने संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई की।
हितानंद अग्रवाल, नेता प्रतिपक्ष