
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा। रजगामार चौकी क्षेत्र के ओमपुर में मतांतरण को लेकर जमकर विवाद हो गया। एक मकान में आयोजित प्रार्थना सभा की जानकारी मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया। संगठन ने आरोप लगाया कि लंबे समय से हिंदू परिवारों को प्रलोभन देकर मतांतरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया।
बजरंग दल के प्रखंड सह संयोजक प्रवीण राठौर ने आरोप लगाया कि पास्टर पीतांबर सिंह नाम का व्यक्ति बाहर से ओमपुर आता है और हर रविवार को गार्डिया के मकान में प्रार्थना सभा आयोजित करता है। इसके माध्यम से हिंदू परिवारों को आर्थिक मदद का प्रलोभन देकर मतांतरण के लिए प्रेरित किया जाता है।
प्रार्थना से बीमारी ठीक होने का झांसा भी दिया जाता है। राठौर ने यह भी आरोप लगाया कि हिंदू देवी-देवताओं को मानने वाले लोगों के प्रति नकारात्मक बातें कही जाती हैं। यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा है। रात को आयोजित सभा में करीब 15 हिंदू परिवार मौजूद थे। मकान में अवैध रूप से चर्च संचालित किया जा रहा है।
चौकी प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाइश दी और स्थिति को शांत कराया। बजरंग दल की शिकायत पर जांच की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान ले रही है और प्रार्थना सभा के वैध दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी।
बजरंग दल के जिला संयोजक राणा मुखर्जी ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने प्रलोभन देकर मतांतरण के लिए प्रेरित करने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो संवैधानिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।