Korba News: मडवारानी स्टेशन में फंदे पर लटका मिला युवक का शव
Korba News: मृतक ने आत्महत्या क्यों की, इस संबंध में स्वजन समेत अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है।
By Yogeshwar Sharma
Edited By: Yogeshwar Sharma
Publish Date: Mon, 03 Apr 2023 12:16:57 AM (IST)
Updated Date: Mon, 03 Apr 2023 12:16:57 AM (IST)

कोरबा (नईदुनिया प्रतिनिधि)। मड़वारानी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म में एक युवक का शव फांसी में लटकते देख लोगों में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस व जीआरपी पहुंची और शव नीचे उतार कर वैधानिक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया। मृतक युवक अपने परिवार का इकलौता बेटा था। आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सका है।
कोरबा- चांपा रेलखंड के मड़वारानी स्टेशन में यात्री जब स्टेशन पहुंचे, तब उन्हें प्लेटफार्म में एक युवक का शव फंदे में लटका हुआ मिला। खबर फैलते ही लोगों की भीड़ लग गई। इसकी सूचना मिलने पर चांपा से जीआरपी व उरगा पुलिस स्थल पर पहुंची। शव का शिनाख्त उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम खरहरी निवासी प्रदीप कंवर 20 वर्ष के रूप में की गई। इस बीच जानकारी मिलते ही मृतक के स्वजन भी स्थल पर पहुंचे। मृतक के पिता अजय सिंह कंवर ने पुलिस को बताया कि वह उनका इकलौता बेटा था। उनकी एक बेटी है, जो पढ़ाई कर रही है। प्रदीप 12 वीं करने के बाद मजदूरी करता था और अपने मामा के घर गांव पताढ़ी में रहता था।उन्होंने बताया कि प्रदीप शनिवार दोपहर ही अपनी नानी के साथ गांव आया था। उसके बाद शाम को टहलने के लिए निकल गया और रात को वापस लौटा तो सभी के साथ में खाना खाया और फिर सोने के लिए चले गए।
सुबह सोकर उठे, तो प्रदीप अपने बिस्तर पर नहीं था। उन्हें लगा कि कहीं अपने दोस्तों के पास घूमने गया होगा। इसी बीच स्टेशन में किसी युवक के फंदे पर लटकने की जानकारी मिली। तब यहां पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना में लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी। मृतक ने आत्महत्या क्यों की, इस संबंध में स्वजन समेत अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है।