
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा। दो हजार रुपये की खातिर तीन आरोपितों ने 70 वर्षीय वृद्धा की बेरहमी से हत्या कर दी। सोते समय उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर हाथ-पैर पकड़े और नायलोन की रस्सी से गला घोंट दिया। हत्या के बाद घर में रखी पेटी और बैग खंगाले, लेकिन उम्मीद के मुताबिक रकम नहीं मिली। महज दो हजार रुपये हाथ लगे, जिसे तीनों ने आपस में बांट लिया।
कोरबी चौकी क्षेत्र के ग्राम लाद में हुए भगमनिया बाई हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझाते हुए एक दंपत्ति समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। 19-20 नवंबर की सुबह के बीच भगमनिया बाई की हत्या की गई थी। घर में अकेली रहने वाली वृद्धा का शव मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की।
गले में नायलोन की रस्सी कसी हुई थी और मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक विशेषज्ञों और डाग स्क्वाड की मदद ली। पुलिस डाग बाघा घटनास्थल से गांव के तालाब तक पहुंचा, जिससे जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिली।
जांच के दौरान मृतका के यहां गाय चराने वाले इंद्रपाल अगरिया पर संदेह गहराया। पूछताछ में पता चला कि घटना वाले दिन वह गाय चराने के काम के 500 रुपये लेने वृद्धा के घर गया था। उस दौरान उसके साथ देव कुमार मरकाम और उसकी पत्नी राजकुमारी भी मौजूद थे। इसी दौरान तीनों को वृद्धा की पेटी में काफी रकम रखे होने का अंदेशा हुआ और उन्होंने चोरी की योजना बना ली।
रात में घर में घुसकर वारदात करने की योजना के तहत देव कुमार को बाहर निगरानी के लिए खड़ा किया गया, जबकि इंद्रपाल अपनी पत्नी राजकुमारी के साथ घर के भीतर पहुंचा। वृद्धा के सोते समय इंद्रपाल ने उसके हाथ पकड़े और राजकुमारी ने मुंह में कपड़ा ठूंसकर पैर दबा दिए।
यह भी पढ़ें- बस्तर के किसानों की बल्ले-बल्ले, गांव में ही बिका 3850 क्विंटल मक्का, मंडी से भी मिले ऊंचे दाम
इसके बाद नायलोन की रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद तीनों ने पेटी और बैग की तलाशी ली, लेकिन उन्हें सिर्फ दो हजार रुपये मिले। हत्या कर चोरी की गई रकम को तीनों ने आपस में बांट लिया।
पुलिस ने जांच के आधार पर इंद्रपाल अगरिया, उसकी पत्नी राजकुमारी अगरिया और देव कुमार मरकाम को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को 22 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर गठित टीम और साइबर सेल ने मामले की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्रवाई में कोरबी चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक सुरेश कुमार, साइबर सेल उपनिरीक्षक अजय सोनवानी सहित चौकी कोरबी एवं रक्षित केंद्र के पुलिसकर्मी शामिल रहे।