
नईदुनिया न्यूज, चाकाबुड़ा : ग्राम जवाली में गुरुवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत हो गई। हादसे में गोठान के पास मौजूद चार बैलों की भी जान चली गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
ग्राम जवाली निवासी सोनकुंवर (35) पति होरीलाल, गुरुवार दोपहर 12 बजे गोठान के पास थीं। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी और सोनकुंवर उसकी चपेट में आ गईं। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी उनके स्वजन को दी। इसके बाद स्वजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल कटघोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
चिकित्सकों ने जांच के बाद सोनकुंवर को मृत घोषित कर दिया। आकाशीय बिजली गिरने से गोठान के पास मौजूद चार बैल भी इसकी चपेट में आ गए। उनकी भी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। एक ही हादसे में महिला और चार मवेशियों की मौत से ग्रामीणों में शोक व्याप्त है। घटना के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि दोपहर के समय अचानक हुए इस हादसे से लोग सहम गए। घटना ने बारिश के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के आसपास रहने वाले लोगों के लिए आकाशीय बिजली के खतरे को भी सामने ला दिया है।
आकाशीय बिजली से बचाव के लिए सावधानी
वर्षा के दौरान गरज-चमक होने पर खुले मैदान, खेत, गोठान और ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए। सुरक्षित भवन या पक्के आश्रय स्थल में चले जाना चाहिए। बिजली चमकने के दौरान धातु की वस्तुओं और बिजली के उपकरणों से दूरी बनाए रखना जरूरी है। यदि आसपास कोई सुरक्षित भवन उपलब्ध नहीं है तो खुले स्थान में शरीर को यथा संभव नीचे रखते हुए पैरों को आपस में सटाकर बैठना चाहिए। समूह में खड़े होने के बजाय लोगों के बीच पर्याप्त दूरी रखना भी सुरक्षित माना जाता है। मवेशियों को भी बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले स्थान से हटाकर सुरक्षित जगह पर रखना चाहिए।