
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : दूसरे प्रेमी के साथ देख लेने पर उपजे विवाद में एक व्यक्ति ने महिला की हत्या कर शव झाड़ियों में छिपा दिया। वारदात के बाद घर लौटे आरोपित ने दो दिन तक घटना छिपाए रखा। गांव में महिला की तलाश और पूछताछ के बीच संदेह गहराने पर उसने अपने बेटे के सामने हत्या की बात कबूल की। इसके बाद जहर खाकर जान देने की कोशिश की।
हालत बिगड़ने पर उसे कोरबा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पुलिस पूछताछ में उसने हत्या और शव छिपाने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर बुधवार को महिला का शव बरामद किया गया। घटना जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत पंतोरा चौकी की है।
अंगारखार गांव निवासी धनेश्वरी बाई (45) के पति की शादी के कुछ समय बाद ही मृत्यु हो गई थी। वह अपने दो बच्चों के साथ रह रही थी। इसी गांव का निवासी शिवचरण यादव (51) भी शादीशुदा है और दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। रविवार को शिवचरण ने धनेश्वरी को दूसरे प्रेमी के साथ देख लिया। इस बात को लेकर तीनों के बीच विवाद हुआ। महिला का दूसरा प्रेमी वहां से चला गया, जिसके बाद शिवचरण ने धनेश्वरी की हत्या कर दी। शव को गांव के पास नल के समीप झाड़ियों में छिपाकर वह घर लौट गया।
यह भी पढ़ें- पड़ोसी ने घर में घुसकर महिला को पीटा, डायल 112 वाहन के शीशे भी तोड़े, सरकंडा में हंगामा
गंभीर अवस्था में आइसीयू में दाखिल, पंतोरा के सिपाही की लगी ड्यूटी
दो दिन तक धनेश्वरी के दिखाई नहीं देने पर स्वजन और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर गांव में बैठक बुलाई गई। इस दौरान शिवचरण पर संदेह जताते हुए उससे महिला के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन उसने घटना से अनभिज्ञता जताई।
बैठक से लौटने के बाद उसने अपने बेटे दुर्गेश यादव 26 वर्ष को बताया कि उससे गलत काम हो गया है और उसने धनेश्वरी की हत्या कर दी है। इसके बाद शिवचरण शौच जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। स्वजन ने तलाश की तो वह खेत में बेहोशी की हालत में मिला। उसने जहर सेवन कर लिया था। स्वजन उसे गंभीर अवस्था में उपचार के लिए कोरबा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत बिगड़ने पर आइसीयू में भर्ती कराया गया है।
जहर सेवन की सूचना अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र से पंतोरा चौकी को दी गई, इस पर पंतोरा के दो सिपाही की ड्यूटी आइसीयू में लगाई गई है।
पुलिस ने झाड़ियों से महिला का शव किया बरामद
अस्पताल में पूछताछ के दौरान शिवचरण ने हत्या करना स्वीकार किया और शव छिपाने का स्थान बताया। बुधवार सुबह पुलिस टीम उसकी निशानदेही पर गांव के पास पहुंची और झाड़ियों से धनेश्वरी का शव बरामद कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना जांजगीर-चांपा जिले की है, जबकि आरोपित को जहर सेवन के बाद उपचार के लिए कोरबा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
हत्या करने के बाद खाया जहर- सीएसपी
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि कोरबा जिला अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र से एक व्यक्ति के जहर खाने की सूचना मिली थी। शुरुआती पूछताछ में स्वजन ने बताया कि शिवचरण ने हत्या की थी और इसी डर में उसने जहर खाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।