
कोरबा (नईदुनिया प्रतिनिधि)। हसदेव नदी पर निर्मित दर्री बांध की जल धारा के साथ प्राकृतिक दृश्य को देखने के लिए तैयार रिव्हर व्यूपाईंट मार्च माह से आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। चार साल पहले जिला खनिज न्यास से स्वीकृृत राशि में उद्यान विकास का अंतिम किश्त की राशि आवंटन के कारण रूक गया था। नईदुनिया ने इस संबंध में हसदेव रिव्हर व्यू पाईंट में डूबे ढाई करोड़, चार साल से खंडहर शीर्षक से खबर नवंबर माह के अंक में प्रकाशित किया गया था। खबर प्रकाशन के बाद कलेक्टर उद्यान को संज्ञान में लिया था। उद्यान में रंग-बिरंगे फूलों व बच्चो के लिए आकर्षक मूर्तियां, कार्टेज व फाउंटेन आकर्षण के केंद्र रहेंगे।
जिले नैसर्गिक सौंदर्य से भरे स्थलों की कोई कमी नहीं है। इन्हे उभारने और लोगों की सुविधा के लिए आकर्षक बनाने में भी कोई कमी नहीं की गई है। इसी कड़ी में दर्री बांध से लगे जल संसाधन के विश्रामगृह व बांध निरीक्षण स्थल के निकट रिव्हर व्यूपाईंट का निर्माण कराया गया है। ढाई करोड़ की लागत से तैयार इस स्थल को तैयार करने का उद्देश्य बांध के सुंदरीकरण को बढ़ावा देने के अलावा निगम के राजस्व को समृद्ध करना है। अंतिम किश्त की राशि नहीं मिलने से उद्यान विकास का काम बंद था। कलेक्टर संजीव झा की अनुशंसा से खनिज न्यास की रूकी राशि स्वीकृत होने काम शुरू गया है। उद्यान में लोगों के विश्राम के लिए कार्टेज, मनोरंजक फाउंटेन, सेल्फी पाईंट आदि का निर्माण किया किया गया है। आकर्षण के केंद्र समुद्री डाल्फिन, मगरमच्छ की प्रतिमाओं में रंग भरा जाएगा। व्यू पाईंट को समुद्र तट जैसा स्वरूप दिया जा रहा है। डेढ़ हेक्टेयर में निर्मित इस व्यू पाईंट की खास बात यह है कि भूमितल से 25 फीट ऊंचा कार्टेज बनाया गया है, जहां बांध के चारों छोेर को देखा जा सकता है। वर्षाकाल बांध के भराव को यहां से देखा जा सकता है। उपर पहुंचने के लिए लोहे की सीढ़ियां बनी है। जिस पर रंग-रोगन किया जा रहा है। बताना होगा इस स्थल के प्रस्ताव में इस बात का भी उल्लेख था कि यहां प्रवेश के लिए शुल्क लिया जाएगा।
मोटर वोट संचालन की बढ़ी संभावना
रिव्हर व्यू पाईंट की उपयोगिता को धरातल पर लाने के लिए यहां दो मोटर वोट संचालन की योजना भी शामिल है। चार साल पहले इसकी खरीदी के लिए जिला खनिज न्यास से 46 लाख की मांग भी की गई थी। उस समय प्रशासन ने स्थल का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने का हवाला देते हुए राशि स्वीकार नहीं किया। उद्यान विकास का काम शुरू हो चुका है ऐसे में अब मोटर वोट संचालन की संभावना भी बढ़ गई है। मोटर चलाने के पीछे निगम के राजस्व आय को बढ़ावा देने अलावा शहरवासियों को पर्यटन स्थल की ओर आकर्षित करना है।
चोरी हो चुके गेट की जगह लगा नया प्रवेश द्वारा
असुरक्षा की वजह से रिवर व्यू पाईंट के प्रवेश द्वार में लगे गेट को चोर उखाड़ कर ले गए थे। इससे असामाजिक तत्व के लेागों का यहां डेरा लगा रहता था। सुबह से गेट के सामने मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है। परिसर में जगह-जगह प्लास्टिक कचरा और शराब की टूटी शीशियों के कांच यहां-वहां बिखरे पड़े थे। व्यू पाईंट से लगे सिंचाई विभाग के सामान भी सुरक्षित नहीं थे। निगम प्रशासन ने अब यहां नया गेट लगा दिया है। निर्माण कार्य की शुरूवात के साथ ही गार्ड की भी नियुक्ति कर दी गई है।
मानिकपुर पोखरी के सुंदरीकरण को सामान्य सभा के स्वीकृति का इंतजार
रिव्हर व्यू पाईंट अस्तित्व में आने के बाद लोगों की यहां चहल-पहल बढ़ेगी। इसी के तर्ज पर मानिकपुर पोखरी के सुुंदरीकरण की योजना तैयार की गई है। एसईसीएल प्रबंधन और निगम प्रशासन के संयुक्त सहयोग से इस योजना में छह करोड़ खर्च किया जाना है। प्रक्रिया को मूर्तरूप देने के लिए निगम प्रशासन को सामान्य प्रशासन के स्वीकृति का इंतजार है। पूर्व में बन चुके रिव्हर व्यू पाईंट को जनोपयोगी बनाने के बजाए नए परियोजना के लिए जोर दिया जा रहा है। जिले में दो मनोरंजक स्थलों के विकसित होने से शहर वासियों पर्यटन के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी होगी।
दर्री बांध में रिवर व्यू पाईंट का निर्माण किया गया हैं। जिला खनिज न्यास से स्वीकृत इसके कार्य में उद्यान विकास का काम शेष बच गया था। राशि आवंटन के बाद काम शुरू कर दिया गया। मार्च माह तक इसे पूर्ण कर लिया जाएगा।
एमके वर्मा, अधीक्षण अभियंता, नगर निगम