
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : एसईसीएल पंप हाउस कालोनी में शुक्रवार रात पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक संघर्ष हो गया। एक पक्ष ने आरोप लगाया है कि 50 युवक बाइक और अन्य वाहनों से हथियारों से लैस होकर कालोनी पहुंचे और घरों में घुसकर हमला किया। घटना में कई लोगों के घायल होने की जानकारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद मोहल्लेवासियों ने सीएसईबी पुलिस चौकी पहुंच कर हंगामा कर दिया।
शिकायतकर्ता हरीश राव ने पुलिस को बताया कि वह मोहल्ले में अन्य लोगों के साथ बैठा था। इसी दौरान बड़ी संख्या में युवक डंडे, तलवार, चाकू और अन्य धारदार हथियार लेकर पहुंचे और हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले घरों में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट की, फिर उन्हें बाहर खींचकर जानलेवा हमला किया। तलवार के वार से बचने के प्रयास में उसके हाथ और सिर पर चोटें आईं। पथराव भी किया गया, जिससे अन्य लोग भी घायल हुए।
हरीश राव का आरोप है कि घटना पुरानी रंजिश का परिणाम है। उनके अनुसार पंप हाउस स्थित स्वामी आत्मानंद विद्यालय के पास कुछ युवकों की लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने की शिकायत शिक्षकों ने की थी। उसी घटना को लेकर रंजिश रखी गई और हमला किया गया। उन्होंने बताया कि हमलावरों में से 15 को वह पहचानते हैं और उनके नाम पुलिस को बताए हैं।
घटना में घायल श्वेता दास ने बताया कि रात 10 बजे बड़ी संख्या में युवक हथियार लेकर कालोनी में पहुंचे। परिवार के लोग घर के भीतर चले गए, लेकिन कुछ युवक दरवाजा तोड़कर अंदर घुस आए और मारपीट शुरू कर दी। उनके सिर और हाथ में चोट आई है। मोहल्ले के लोग बाहर निकलने पर हमलावर वहां से भाग गए। घटना के बाद घायल और मोहल्लेवासी देर रात सीएसईबी पुलिस चौकी पहुंचे और आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान चौकी परिसर में काफी देर तक हंगामा और बहस की स्थिति बनी रही।
यह भी पढ़ें- तेज रफ्तार का कहर: कोरबा में आमने-सामने टकराईं दो कारें, घायल पति-पत्नी अस्पताल में भर्ती, जांच शुरू
शिकायत पर मामला दर्ज, आरोपितो को ही रही पहचान- एएसपी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि यह आपसी रंजिश और मारपीट का मामला है। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम कार्रवाई कर रही है।