
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : आनलाइन सट्टा खेलने और खिलाने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने मो इसाक कुरैशी उर्फ निक्की (43) को गिरफ्तार किया है। आरोपित के मोबाइल में आनलाइन सट्टा साइटों की जानकारी, विभिन्न अंकों पर दांव से संबंधित तस्वीरें और सट्टा-पट्टी मिली है। पुलिस ने मोबाइल, सट्टा-पट्टी और नकद रकम जब्त कर छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस ने बताया कि 28 नवंबर को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पुरानी बस्ती रानी रोड स्थित मस्जिद के पीछे इसाक कुरैशी मोबाइल से आनलाइन सट्टा खेल रहा है। वह श्रीदेवी, टाइम बाजार, मिलन डे और कल्याण नामक साइटों पर विभिन्न अंकों और जोड़ियों पर दांव लगाने के साथ सट्टा-पट्टी भी लिख रहा था।
सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और उसे सट्टा खेलते पकड़ लिया। मोबाइल की जांच में आनलाइन सट्टा साइटों और विभिन्न अंकों की सट्टा-पट्टी के फोटो मिले। पुलिस ने सट्टे के लिए रखी नकद रकम भी जब्त की। इसके अलावा आरोपित के फोन-पे नंबर से लाखों रुपये के आनलाइन यूपीआई लेन-देन की जानकारी सामने आने का दावा किया गया है।
यह भी पढ़ें- चांपा में नान-इंटरलाकिंग कार्य के दौरान कोरबा-चांपा के बीच तीन अतिरिक्त मेमू ट्रेनें चलाने की उठी मांग
आरोपित मो इसाक कुरैशी पिता स्व ईस्माइल कुरैशी, निवासी वार्ड क्रमांक छह, पुरानी रानी रोड, दुर्गा मंदिर के पास, कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला है। उसके विरुद्ध धारा 6(क) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
कोरबा पुलिस ने आमजन से सट्टा-जुआ जैसी गतिविधियों से दूर रहने और आसपास ऐसी गतिविधियों की जानकारी नजदीकी थाना-चौकी अथवा डायल 112 पर देने की अपील की है।