कोरबा (नईदुनिया न्यूज)।छत्तीसगढ़ स्टेट विद्युत वितरण कंपनी के नए प्रबंध निदेशक पद पर मनोज खरे को नियुक्त किया गया। राज्य शासन ने इस संबंध में आदेश जारी होने के बाद खरे ने प्रबंध निदेशक का कार्यभार ग्रहण किया।
उर्जा विभाग से उनकी नियुक्ति आगामी एक वर्ष तक या आगामी आदेश पर्यंत तक की गई है। खरे वर्तमान में छत्तीसगढ़ स्टेट विद्युत होल्डिंग कंपनी में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) के पद पर कार्यरत हैं। खरे ने शासन की रीति-नीति के अनुरूप सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करने प्रतिबद्धता व्यक्त की है। खरे का नाम मध्य प्रदेश विद्युत मंडल के समय से अग्रणी अभियंताओं में शुमार होता रहा है। उन्होंने मध्य प्रदेश के शासकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय रीवा से बीई की डिग्री अर्जित करने के बाद 1983 से मध्य प्रदेश विद्युत मंडल, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल तथा छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कंपनी में विभिन्ना पदों पर सेवाएं देते आ रहे हैं। वे एलएलबी की उपाधि अर्जित कर चुके हैं। देश के विद्युत क्षेत्र के बारे में गहरा ज्ञान रखने वाले मनोज खरे को छत्तीसगढ़ विद्युत कंपनियों के लोगों में टेंडर प्रक्रिया और पावर सेक्टर कानूनों का जानकार माना जाता है।
पंचायत प्रकोष्ठ के देवीसिंह संयोजक व प्रेमचंद बने सह संयोजक
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय की सहमति से भाजपा पंचायत प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक रामकुमार भट्ट ने पंचायत प्रकोष्ठ के लिए जिला संयोजक व सह संयोजक नियुक्त किए हैं। इसमें कोरबा जिला में पंचायत प्रकोष्ठ के संयोजक की जिम्मेदारी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवी सिंह टेकाम को सौंपी गई है। जबकि सह संयोजक की जिम्मेदारी जिला पंचायत सदस्य प्रेमचंद पटेल को दी गई है। संगठन ने दोनों पदाधिकारी से कहा है कि पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत कर सदस्यता बढ़ाते हुए पार्टी हित में कार्य करें।