
कोरबा(निप्र)। एसईसीएल के मानिकपुर फीडर से वितरण विभाग द्वारा रविशंकर शुक्ल नगर सहित अन्य क्षेत्र को विद्युत आपूर्ति करने लाईन जोड़ दी गई है। लाईन में खराबी आने पर विभाग द्वारा सम्पूर्ण मानिकपुर फीडर की लाईन बंद कर दी जाती है। इससे खदान चिकित्सालय, पानी फिल्टर प्लांट सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों में विद्युत आपूर्ति ठप हो जाती है।
विद्युत वितरण विभाग द्वारा एसईसीएल सहित अन्य उपक्रमों को पृथक से लाईन बिछा कर फीडर के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जाती है। इसके लिए पुराना पावर हाऊस स्थित 132 केव्ही स्वीच यार्ड से लाईन खींचते हुुए खंबा लगाया गया है और पृथक पृथक लाईन दी गई है। जो 33 केव्ही लाइन के माध्यम से प्रदान की जाती है, संबधित उपक्रम के सबस्टेशन तक 33 केव्ही लाईन के बिजली दी जाती है, तदुपरांत संबधित उपक्रम प्रबंधन द्वारा सबस्टेशन से 11 केव्ही के माध्यम से अपने क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की जाती है। उपक्रम प्रबंधन द्वारा खंभा, लाईन निर्माण कार्य हेतु वितरण विभाग को राशि प्रदान की गई थी। नियमतः इन लाईनों से किसी अन्य क्षेत्र को बिजली प्रदान नहीं किया जाना है। खास तौर पर खदान व चिकित्सालय को आपूर्ति करने हेतु बिछाई लाईन का कनेक्शन अन्यत्र नहीं दिया जाना है, किन्तु वितरण विभाग द्वारा रविशंकर शुक्ल नगर, शिवाजीनगर सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति करने हेतु कनेक्शन जोड़ दिया गया है। जबकि वितरण विभाग को इसके लिए पृथक लाईन बिछाया जाना था, किन्तु ऐसा नहीं किया गया और वर्तमान मानिकपुर फीडर की लाईन में ही कनेक्शन जोड़ दिया गया है। इससे जब भी रविशंकर शुक्ल नगर, शिवाजीनगर अथवा अन्य क्षेत्रों में खराबी आती है तो सम्पूर्ण एसईसीएल की लाईन बंद कर दी जाती है। इससे न केवल एसईसीएल की मानिकपुर खदान का काम प्रभावित होता है, बल्कि चिकित्सालय, पानी फिल्टर प्लांट सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी विद्युत आपूर्ति प्रभावित होती है। तत्संबंध में एसईसीएल द्वारा कई बार वितरण विभाग का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। एसईसीएल क्षेत्र में बुधवार को भी कई घंटे तक विद्युत आपूर्ति ठप रही, इसकी भी वजह वितरण विभाग द्वारा रविशंकर शुक्ल नगर क्षेत्र में खराबी आने की वजह से बंद होना बताया गया।
रविशंकर शुक्ल, शिवाजीनगर तथा अन्य क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति करने हेतु वितरण विभाग को पृथक खंबा गाड़ कर लाईन खींचा जाना था। इस कार्य में विभाग को लाखों रुपए व्यय करना पड़ता, लेकिन विभाग द्वारा उक्त राशि बचाने हेतु एसईसीएल मानिकपुर फीडर की विद्युत आपूर्ति हेतु बिछाई गई लाईन से कनेक्शन जोड़ दिया गया। इससे मानिकपुर फीडर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति में बार- बार व्यवधान उत्पन्ना हो रहा है।
वितरण विभाग द्वारा मानिकपुर फीडर में लाईन जोड़े की जानकारी होने पर एसईसीएल द्वारा पूर्व में आपर्ति दर्ज कराई गई थी। तब तत्कालीन अधिकारियों द्वारा पृथक लाईन बिछाने की घोषणा भी की गई और जल्द ही लाईन पृथक करने कहा गया था। लेकिन पांच वर्ष बीत चुका है और अब तक व्यवस्था दुरूस्त नहीं हो पाई है। विभाग द्वारा शहरी क्षेत्र में एआरपी डीआरपी के तहत 40 करोड़ खर्च कर विद्युत व्यवस्था को दुरूस्त किया गया और नई- नई लाईन बिछाई गई। लेकिन मानिकपुर फीडर को पृृथक नहीं किया जा सका।
मानिकपुर फीडर से ही रविशंकर शुक्ल नगर, शिवाजीनगर व अन्य क्षेत्र को बिजली प्रदान की जा रही है। चूंकि लाईन वितरण विभाग की है, इसलिए कनेक्शन प्रदान किया गया है। लाईन में खराबी आने पर ही बिजली आपूर्ति बंद की जाती, और शीघ्र सुधार कार्य किया जाता है। फिलहाल पृथक पृथक लाईन करने की कोई योजना नही है।
- एके भारद्वाज, कार्यपालन यंत्री वितरण विभाग