
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा। लैंगा-कारीमाटी मार्ग में एक कार में सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद आग लग गई, जिसमें चालक जिंदा जल गया। मृतक की पहचान कोरबा शहर के सीतामढ़ी निवासी के रुप में हुई है। वह उज्जैन जाने की बात कह घर से निकला था।
घटना कटघोरा-पेंड्रारोड में लैंगा तिलाईडाड के पास हुआ। पसान थाना क्षेत्र के ग्राम लैंगा-कारीमाटी के पास रात करीब दो बजे घटना हुई। बताया जा रहा है कि कार कोरबा की ओर आ रही थी। कारीमाटी गांव के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में आग लग गई।
अनुमान लगाया जा रहा है कि चालक कार से बाहर नहीं निकल सका। जलने से सीट पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस एवं फारेंसिक एक्सपर्ट टीम ने स्थल पर जांच पड़ताल की।
घटना के बाद इस बात की चर्चा थी कि कार में दो लोग सवार थे, लेकिन फॉरेंसिक जांच के बाद पुलिस ने केवल एक व्यक्ति की अस्थि मिलने की पुष्टि की। पेड़ से टकराने के निशान भी कार में नहीं मिले हैं। कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं है, जिससे घटना के कारणों का पता चल सके। थाना प्रभारी ने कहा कि शव पूरी तरह जल चुका था। केवल हड्डियां ही मिली हैं। दूसरे तथ्यों की भी जांच की जा रही।
सीतामढ़ी में रहने वाले भुवन महंत की पत्नी को मौके पर पुलिस लेकर पहुंची। कार की शिनाख्ती की कार्रवाई कराई जा रही। मृतक के एक पुत्र व एक पुत्री हैं। मोहल्ले से एक महिला भी लापता है। चर्चा यह है कि यह महिला भी भुवन के साथ निकली थी, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पा रहा है।