
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : सिविल लाइन थाना क्षेत्र में त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक ने 17 वर्षीय किशोर पर कैंची से हमला कर दिया। किशोर की आंख के नीचे गंभीर चोट आई है और उसे उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने आरोपित सागर यादव के विरुद्ध हत्या के प्रयास का अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बताया जा रहा है कि सागर यादव 18 वर्ष एक नाबालिग किशोरी से बातचीत करता था। कुछ दिन पहले विवाद होने पर किशोरी ने उससे बातचीत बंद कर दी। इसके बाद वह 17 वर्षीय किशोर से बातचीत करने लगी।
इसकी जानकारी मिलने पर सागर ने किशोर को बुलाया और किशोरी से बातचीत बंद कर रास्ते से हट जाने के लिए समझाया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। बात बढ़ने पर सागर ने अपने साथ लाई कैंची से किशोर के चेहरे पर वार कर दिया।
कैंची का वार आंख के नीचे लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सागर को गिरफ्तार किया और न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
यह भी पढ़ें- दुर्ग में 6 साल की मासूम से दुष्कर्म और हत्या के दोषी चाचा को फांसी की सजा, कन्या भोज से गायब हुई थी बच्ची