कोरबा जिले में मवेशियों को कुचलकर भाग रहे ट्रेलर चालक को ग्रामीणों ने पकड़ा; 6 की मौत, 2 घायल
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदुरमाल भाटापारा में धनराज पेट्रोल पंप के पास गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क पर मौजूद मवेशियों के ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 09 Jul 2026 01:11:46 PM (IST)Updated Date: Thu, 09 Jul 2026 01:11:46 PM (IST)
उरगा के कुदुरमाल में तेज रफ्तार ट्रेलर ने मवेशियों को रौंदाHighLights
- कोरबा में भारी वाहनों की रफ्तार को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी; स्पीड ब्रेकर की उठी मांग
- झुंड के बीच से गुजार दिया काल बना ट्रेलर, ग्रामीणों के फूटा भारी आक्रोश
- पुलिस ने पशु चिकित्सा विभाग की टीम को मौके पर बुलाया
नईदुनिया प्रतिनिधि,कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के कुदुरमाल भाटापारा स्थित धनराज पेट्रोल पंप के पास गुरुवार सुबह तेज रफ्तार ट्रेलर ने मवेशियों के झुंड को रौंद दिया। हादसे में छह मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक ट्रेलर लेकर भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
ट्रेलर कुदुरमाल की ओर जा रहा था। धनराज पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े और सड़क पार कर रहे मवेशी अचानक उसकी चपेट में आ गए। तेज रफ्तार ट्रेलर झुंड के बीच से गुजर गया। हादसे के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। चालक ट्रेलर लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
सूचना मिलने पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर ट्रेलर जब्त कर लिया। घायल मवेशियों का उपचार कराया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई और भारी वाहनों की तेज रफ्तार तथा लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर ट्रेलर और डंपर अक्सर तेज गति से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क पर मवेशियों का अक्सर जमावड़ा रहता है। इसके बावजूद भारी वाहन चालक रफ्तार कम नहीं करते, जिससे आए दिन हादसे होते हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनाने, चेतावनी संकेतक लगाने और नियमित यातायात निगरानी की मांग की है। उरगा पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।