
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा। नगर में शनिवार दोपहर नकली पुलिसकर्मी बनकर घर में घुसे बदमाशों ने दिनदहाड़े डकैती की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। खुद को पुलिस का जवान बताते हुए घर में गांजा छिपाकर रखने का आरोप लगाया और तलाशी के बहाने अलमारी खुला कर करीब 60 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पाली थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
पाली थाना में हाई स्कूल के सामने रहने वाली ललिता नेताम ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि शनिवार दोपहर तीन बजे वह अपनी बड़ी बहन रक्षा नेताम और बेटी के साथ घर में खाना खा रही थीं। इसी दौरान दो अज्ञात युवक घर में घुस आया। उसने पुलिस जैसी वर्दी और सफेद रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी तथा खुद को पुलिस कर्मी बताया। उन्होंने कहा कि उनके घर में 10 किलोग्राम गांजा छिपाकर रखा गया है और उसकी तलाशी लेनी होगी।
बदमाश ने महिला से अलमारी की चाबी मांगी। उनके झांसे में आकर स्वजन ने चाबी दे दी, इसके बाद उसने अलमारी खोलकर उसमें रखे एक सोने का हार, एक सोने का झुमका तथा दो जोड़ी चांदी की पायल निकाल लिए। कुछ ही देर बाद बदमाश बाइक में मौके से फरार हो गया।
जब स्वजन ने अलमारी को देखा, तब जेवर गायब मिले। इसके बाद थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 331(1) एवं 305 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपित की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने नगरवासियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लोगों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति पुलिसकर्मी बनकर आसानी से घरों में प्रवेश कर सकता है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय है। पुलिस ने नागरिकों से कहा है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति को बिना पहचान सत्यापित किए घर में प्रवेश न दें और संदेह होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।