कोरबा (नईदुनिया न्यूज)। महाशिवरात्रि पर्व सहित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को समर्पित ग्राम केराझरिया में दो दिवसीय पाली महोत्सव का समापन हुआ। वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन व सांसद ज्योत्सना महंत सहित अन्य अतिथियों ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरूआत की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि की आसंदी से श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि पाली का ऐतिहासिक शिव मंदिर छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पाली महोत्सव के माध्यम से यहां की संस्कृति को अलग पहचान मिल रही है।
महोत्सव में मुख्य अतिथि लखनलाल देवांगन ने कहा कि पाली महोत्सव का आयोजन इस क्षेत्र के लोगों के गौरव से जुड़ा है। इसकी शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री डा रमन सिंह के समय से की गई थी। इसे भव्य रूप से मनाते हुए राष्ट्रीय और स्थानीय कलाकारों को अवसर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी को पूरा कर राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों के हित में फैसला लिया है। इस अवसर पर उपस्थित सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व बहुत ही धूमधाम से मनाया जाता है। भगवान महादेव हमारे देश में आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है और हम सबकी कामना है कि महादेव हम सभी देशवासियों को खुश रखे, उन्हें सफलता की राह में आगे बढ़ाए।
सांस्कृतिक आयोजन ने किया दर्शकाें का भरपूर मनोरंजन
शाम छह बजे से ही आयोजन स्थल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरूआत हो गई थी। छत्तीसगढ़ी गायक अनुराग शर्मा, छत्तीसगढ़ी अभिनेत्री शालिनी विश्वकर्मा अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। शाम 7.30 बालीवुड सिंगर मोनाली ठाकुर अपने मशहूर गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया। इसके साथ ही तबला वादक मोरध्वज वैष्णव, कत्थक नृत्यांगना इशिता कश्यप, लोक गायक नंदलाल रजक तथा गायक अनिल नागवंशी अपनी प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही बटोरी।