कोरबा में नीट-यूजी 2026 पुनर्परीक्षा की तैयारी: कलेक्टर और एसपी ने केंद्राध्यक्षों के साथ की अहम बैठक
आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा की तैयारियों के लिए कोरबा जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। कलेक्टर और एसपी ने केंद्राध्यक्षों के साथ बैठक कर परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने पर जोर दिया। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक होगी। एनटीए के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सीसीटीवी, जैमर और बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश।
Publish Date: Wed, 17 Jun 2026 10:21:37 AM (IST)Updated Date: Wed, 17 Jun 2026 10:21:37 AM (IST)
केंद्राध्यक्षों की बैठक लेते कलेक्टर व एसपी, नईदुनियाHighLights
- नीट पुनर्परीक्षा के लिए कोरबा प्रशासन हुआ पूरी तरह अलर्ट।
- नीट की पुनर्परीक्षा के लिए कलेक्टर व एसपी ने ली केंद्राध्यक्षों की बैठक।
- नीट परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता पर प्रशासन का जोर।
नईदुनिया न्यूज, कोरबा: आगामी 21 जून को होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा के सुचारू एवं सफल आयोजन के संबंध में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर कुणाल दुदावत व पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने केंद्राध्यक्षों की बैठक ली। बैठक में परीक्षा संचालन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिले में कुशलतापूर्वक परीक्षा संपन्न कराने की बात कही।
कलेक्टर ने सभी केंद्राध्यक्षों से केंद्रों में परीक्षा आयोजन की तैयारी की जानकारी लेते हुए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने सभी केंद्रों में समय रहते सीसीटीवी कैमरा, जैमर समेत आवश्यक सभी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा। कलेक्टर ने विद्युत विभाग को परीक्षा के समय विद्युत आपूर्ति का ध्यान रखने एवं केंद्रों में वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने के लिए कहा। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीम की ड्यूटी लगाने एवं पालकों के लिए केंद्र के बाहर बैठक व्यवस्था, पेयजल व मोबाईल टायलेट की व्यवस्था रखने की बात कही।
साथ ही अभ्यर्थियों के केंद्रों तक सुगम पहुंच के लिए चालकों को उपयुक्त किराया लेने की बात कही। एसपी तिवारी ने परीक्षा के सफल आयोजन हेतु परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने, परीक्षार्थियों की पहचान सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था तथा परीक्षा सामग्री के सुरक्षित संधारण एवं वितरण के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। अधिकारियों ने सभी केंद्राध्यक्षों से आपसी समन्वय के साथ परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संचालन में सहयोग करने निर्देशित किया।
यह भी पढ़ें- कोरबा: ऊर्जा क्षेत्र में देश का बड़ा कॉरपोरेट सौदा: 1,410 करोड़ में 'मारुति क्लीन कोल' को खरीदेगी JSW एनर्जी
बैठक में बताया गया कि जिले में नीट (यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा दोपहर दो से शाम 5.15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा के संचालन हेतु 20 जून 2026 को सभी परीक्षा केंद्रों में माक ड्रिल आयोजित की जाएगी। माक ड्रिल के माध्यम से परीक्षा दिवस की व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रोटोकाल, प्रवेश प्रक्रिया तथा तकनीकी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाएगा। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी तथा सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष उपस्थित रहे।