
नईदुनिया न्यूज, बालकोनगर: परसाभाठा मुख्य मार्ग के प्रस्तावित फोरलेन चौड़ीकरण को लेकर स्थानीय रहवासियों और व्यवसायियों ने विरोध दर्ज कराया है। वार्ड पार्षद बद्रीकिरण के नेतृत्व में सैकड़ों प्रभावित महिला-पुरुष पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के निवास पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्या रखी। उनका कहना है कि वे सड़क विकास और यातायात सुधार के विरोधी नहीं हैं, लेकिन चौड़ीकरण के नाम पर वर्षों पुराने मकानों और दुकानों को तोड़कर उन्हें बेघर-बेरोजगार किया जा रहा है।
रहवासियों ने बताया कि परसाभाठा मुख्य मार्ग के दोनों ओर अनेक परिवार 50-60 वर्षों से निवासरत हैं। इनमें छोटे व्यवसायी भी बड़ी संख्या में हैं, जिनकी आजीविका दुकानों पर निर्भर है। सड़क चौड़ीकरण की प्रस्तावित योजना से आवास और रोजगार दोनों छिनने का खतरा है। उनका कहना है कि वर्तमान सड़क की चौड़ाई को व्यवस्थित कर करीब 16-17 मीटर में यातायात सुचारू किया जा सकता है।
बजरंग चौक से रिस्दी रोड स्थित टाटा मोटर्स तक सड़क का बेहतर रखरखाव, मरम्मत, यातायात प्रबंधन और उपलब्ध जगह के समुचित उपयोग से आवागमन सुगम बनाया जा सकता है। इसके लिए मकानों और दुकानों को तोड़ना एकमात्र विकल्प नहीं है। प्रभावित नागरिकों का कहना है कि मुआवजे की व्यवस्था को समस्या का समाधान नहीं है।
उन्होंने कहा कि पुश्तैनी घर और वर्षों की मेहनत से खड़े किए गए व्यवसायों के बदले आर्थिक राशि उनके सामाजिक, पारिवारिक और व्यावसायिक जीवन की भरपाई नहीं कर सकती। वे मुआवजे के बजाय अपने घरों और दुकानों को सुरक्षित रखने का अधिकार चाहते हैं। अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर नागरिकों ने आग्रह किया कि वे इस मुद्दे को शासन और जिला प्रशासन के समक्ष उठाएं तथा प्रभावित परिवारों के हितों की रक्षा के लिए पहल करें।
अग्रवाल ने उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए हितों की रक्षा में साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया। नागरिकों ने शासन-प्रशासन से तोड़फोड़ या विस्थापन की कार्रवाई से पहले स्थानीय लोगों से संवाद करने और सड़क की वर्तमान चौड़ाई व वैकल्पिक व्यवस्थाओं का तकनीकी परीक्षण कराने की मांग की।