कोरबा (नईदुनिया प्रतिनिधि)। अखंड भारत संकल्प दिवस पर शनिवार को कोरबा नगर के पांच अलग-अलग क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से पथ संचलन किया गया। समयबद्धता, दृढ़प्रतिज्ञा के साथ पूर्ण अनुशासन की झलक देखने को मिली। पथ संचलन के बाद बौद्धिक कार्यक्रम में मुख्य वक्ताओं का ध्यान इस बात पर रहा कि कोरोना संक्रमण के संभावित तीसरी लहर के दृष्टिगत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कोरबा नगर में जन जागरण एवं स्वयंसेवकों को पुनः एक बार समाज हित में सेवा देने के लिए तैयार रहें। गायत्री मंदिर रानी रोड से होते हुए जब पथ संचलन मुख्य मार्ग से होकर श्री सप्तदेव मंदिर के समक्ष पहुंची तो कृष्णा ग्रुप के सदस्यों ने स्वयंसेवकों पर फूलों की वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। धार्मिक, सामाजिक एवं राजनैतिक कार्यकर्ता अशोक मोदी ने भी पथ संचलन का स्वागत किया एवं स्वयंसेवकों का मनोबल बढ़ाया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के बाद से ही राष्ट्रीय महत्व के कार्यों पर अपने सरोकार दिखाता रहा है। अखंड भारत संकल्प दिवस भी इसी कड़ी में शामिल है। इसके अनुसार 14 अगस्त को अखंड भारत संकल्प दिवस मनाए जाने की परंपरा पर काम जारी है। शनिवार को कोरबा नगर के प्रमुख पांच स्थानों कोरबा शहर, निहारिका, बालको, दर्री, कुसमुंडा से स्वयंसेवकों का पूर्ण गणवेश में पथ संचलन का कार्यक्रम हुआ। प्रत्येक स्थान से न्यूनतम 125 की संख्या में स्वयंसेवक शामिल हुए। पहले से सुनिश्चित मार्ग पर स्वयंसेवकों ने संचलन किया। अग्रिम पंक्ति में घोष दल ने नेतृत्व किया। इसके पीछे की पंक्तियों में अलग-अलग आयु वर्ग स्वयंसेवक अनुशासित रूप से कदम के साथ कदम मिला रहे थे। सांस्कृतिक अखंड भारत के प्रतीक भगवा ध्वज को लेकर ध्वज वाहक चल रहे थे। पथ संचलन कार्यक्रम के समापन में संघ के वरिष्ठ अधिकारियों का सानिध्य एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
महिलाओं ने ध्वज पर पुष्प वर्षा कर जय घोष
14र्-2ि1-14082021-569- कोरबा। पुष्पवर्षा कर स्वागत करती युवतियां।
विभिन्ना स्थानों पर सामाजिक संगठनों, महिलाओं ने ध्वज पर पुष्प वर्षा व जय घोष कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। कोरबा शहर में जांजगीर से पधारे मन्मथ नाथ शर्मा, निहारिका में चांपा से चंद्रशेखर देवांगन, बालको में जुड़ावन सिंह ठाकुर, दर्री में नान्हीदास दीवान एवं कुसमुंडा में योगेश्वर साहू का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। सभी स्थानों पर बौद्धिक कार्यक्रम के अंतर्गत इन वक्ताओं ने अपने संबोधन में स्वयं सेवकों का मार्गदर्शन करते हुए व्यापक परिप्रेक्ष्य में काम करने पर जोर दिया। उन्होंने इस बात की जरूरत जताई कि स्वास्थ क्षेत्र के विशेषज्ञों ने सितंबर में कोरोना की तीसरी लहर की संभावना के दौरान क्या समस्याएं हो सकता हैं, इसके लिए तैयार रहने कहा।
वक्ताओं ने कहा कि पूरा समाज हमारा है
वर्ष 2020 और 2021 के दौरान वैश्विक महामारी से उत्पन्ना परिस्थितियों में हमारे स्वयंसेवकों ने सामाजिक सरोकार दिखाए हैं और इसके अंतर्गत अभावग्रस्त व समस्याग्रस्त लोगों को सहायता देने का प्रयत्न किया गया है। इसलिए एक बार फिर आगामी परिस्थितियों में हम क्या कर सकते हैं । इसके लिए सभी को मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार रहने की जरूरत है। वक्ताओं ने कहा कि पूरा समाज हमारा है। इस भावना के साथ हमें अपनी भूमिका व्यापक परिप्रेक्ष्य में निभानी होगी। इसलिए इस दिशा में जन जागरण भी करना उचित होगा ।
300 ग्राम व 51 पिछड़ी बस्ती आदर्श बनाने लक्ष्य
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समाज के साथ मिलकर, समाज को संगठित कर इस पुनः इस देश को विश्व का मार्गदर्शन करने वाला विश्व गुरू बनाना चाहती है। इसलिए संघ ने 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वर्ष 2025 तक कोरबा जिले के 300 ग्राम और कोरबा नगर के 51 पिछड़ी बस्तियों को आदर्श ग्राम एवं बस्ती बनाने के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रही है इसके लिए जिन कार्यकर्ताओं की आवश्यकता होगी ऐसे 2021 कार्यकर्ताओं को लेकर आगामी 25 दिसंबर को पूर्ण गणवेश में कोरबा नगर में एक भव्य पथ संचलन का आयोजन करने वाले हैं । जिसका नाम संकल्प शंखनाद रखा गया है। आज का पथ संचलन उस लक्ष्य की प्राप्ति में भी मील का पत्थर साबित होगी।