
नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर: बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम अर्णब के प्रभाव से जिले में हो रही बारिश के कारण जनजीवन पर असर पड़ा है। मौसम विभाग द्वारा भारी वर्षा, तेज आंधी और गरज-चमक को लेकर रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किए जाने के बाद विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए सरगुजा जिले में शुक्रवार को भी सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी डा दिनेश कुमार झा द्वारा जारी आदेश के अनुसार 30 अक्टूबर 2026 दिन शुक्रवार को जिले में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में एक दिवस का अवकाश रहेगा। यह आदेश कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर जारी किया गया है।
बता दें कि गुरुवार को भी जिले के सरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया था। लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए अब शुक्रवार को भी अवकाश बढ़ा दिया गया है। प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि खराब मौसम में घरों में ही सुरक्षित रहें और अनावश्यक बाहर न निकलें।
मौसम विभाग द्वारा आंधी-तूफान के साथ आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने की चेतावनी जारी की गई है, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड पर है।
घरों में रहने की सलाह: जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने अभिभावकों तथा विद्यार्थियों से अपील की है कि इस प्रतिकूल मौसम के दौरान अपने-अपने घरों में ही सुरक्षित रहें और बिना किसी अत्यंत आवश्यक कार्य के बाहर न निकलें।
निचले इलाकों पर नजर: जिले के नदी-नालों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए आपदा प्रबंधन और राजस्व टीमों को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।