
नईदुनिया न्यूज, पाली: क्षेत्र में लगातार हो रही वर्षा ने जहां नदी-नालों और जलाशयों को लबालब कर दिया है, वहीं पाली विकासखंड मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर ग्राम खराबाहर के पास स्थित बामर झुझा झरना इन दिनों अपने पूरे शबाब पर है। पहाड़ियों की ऊंचाई से तेज वेग के साथ गिरती दूधिया जलधारा, चारों ओर फैली हरियाली और घने जंगलों के बीच स्थित यह प्राकृतिक स्थल लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है।
वर्षा शुरू होते ही झरने का जलप्रवाह कई गुना बढ़ गया है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में युवा, परिवार और प्रकृति प्रेमी यहां पहुंचकर मानसून के मनोरम दृश्यों का आनंद ले रहे हैं। झरने की गर्जना, ठंडी हवाएं और प्राकृतिक वातावरण लोगों को सुकून का एहसास करा रहे हैं।
कई पर्यटक यहां फोटोग्राफी और वीडियो बनाकर अपनी यादों को संजो रहे हैं, जिससे यह स्थल सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष मानसून के दौरान बामर झुझा झरना अपने सबसे आकर्षक स्वरूप में नजर आता है। यदि इस प्राकृतिक स्थल का पर्यटन की दृष्टि से समुचित विकास किया जाए और सड़क, सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, तो यह क्षेत्र का प्रमुख पर्यटन स्थल बन सकता है।
इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी मिल सकते हैं।हालांकि लगातार वर्षा के कारण झरने का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में पर्यटकों से अपील की जा रही है कि सुरक्षा नियमों का पालन करें, फिसलन वाली चट्टानों और तेज बहाव वाले पानी से दूरी बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं। प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेते समय सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।
यह भी पढ़ें- 3.80 करोड़ रुपये के नकली नोट के साथ पकड़ा गया आरोपित, संदेह का लाभ पाकर जेल से आया बाहर