कोरबा के भलपरी श्मशान घाट में युवक का शव मिलने से सनसनी, पास में मिला सुहागा और पानी के पाउच
कोरबा के उरगा क्षेत्र भलपरी श्मशान घाट में 20-25 साल के युवक का शव मिला, पास में बोरैक्स और पानी के पाउच मिले, आत्महत्या की आशंका, पुलिस पहचान में जुटी।
Publish Date: Thu, 12 Nov 2026 09:25:20 PM (IST)Updated Date: Thu, 12 Nov 2026 09:25:20 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- भलपरी श्मशान घाट में युवक का शव मिला।
- पास में सुहागा और पानी के पाउच बरामद।
- आत्महत्या की आशंका, फोरेंसिक जांच शुरू।
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा: उरगा थाना क्षेत्र के भलपरी गांव स्थित श्मशान घाट में गुरुवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। युवक की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है। उसके पास से बोरैक्स (सुहागा) नामक पदार्थ और पानी के पाउच मिले हैं।
प्रारंभिक जांच में पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। युवक ने काले रंग की टी-शर्ट और जींस पहन रखी थी।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में बम की सूचना से रेलवे स्टेशन पर हड़कंप, 45 मिनट तक खड़ी रही एक्सप्रेस ट्रेन, एक हिरासत में
घटनास्थल की जांच के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ ही संदिग्ध पदार्थों को जांच के लिए कब्जे में लिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल के शव कक्ष में रखवा दिया है। युवक की पहचान के लिए आसपास के गांवों में मुनादी कराई गई है।
जिले के सभी थाना-चौकियों को भी सूचना भेजी गई है। इसके अलावा शव की फोटो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल आत्महत्या की आशंका सहित अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। मृतक की शिनाख्त होने के बाद परिजनों से पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा