
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : लिफ्ट देने के बहाने दो बहन को बाइक सवार युवक अपने साथ ले गया और जंगल में जाकर धमकी देते हुए एक युवती से दुष्कर्म किया। मामले में पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया। घटना पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत अंतिम छोर में स्थित ग्राम रतखंडी की है। पुलिस ने बताया कि पड़ोसी जिले पेंड्रा-गौरेला-मरवाही निवासी दो बहन किसी काम से आइ थी, जो दोपहर में वापस जाने के लिए मुख्य मार्ग किनारे खड़े होकर बस का इंतजार कर रही थी। इस दौरान रतखंडी गांव का ईश्वर सिंह खुसरो 30 वर्ष अपने बाइक में उनके पास पहुंचा। उसने खुद को पेंड्रा की ओर जाने और बस आने की बात कही। साथ ही लिफ्ट देकर उन्हें पेड्रा तक छोडऩे का भरोसा दिलाया। उसकी बात में आकर दोनों बहनें बाइक में बैठ गई। रास्ते में सुनसान जगह देखकर वह बाइक को जंगल के अंदर ले गया और वहां दोनों बहन को धमकाते हुए एक के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद युवक मौके से भाग गया। पीडिता किसी तरह घर पहुंची और स्वजनों को घटना की जानकारी दी। बाद में स्वजनों के साथ पाली थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : दर्री के समीप तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार एक बालक समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है। वहीं दुर्घटना के बाद वाहन सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसा। कोरबा- कटघोरा मार्ग में दर्री स्थित नगर निगम के जोन कार्यालय के पास यह घटना दोपहर को हुई। बताया जा रहा है कि अधिवक्ता शेखर राम सिंह कटघोरा की तरफ से अपना कार क्रमांक सीजी 12 बीबी 6805 में कोरबा आ रहे था, तभी जोन कार्यालय के पास कार अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही एक बाइक को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे उतर गई। एकाएक हुई इस घटना से चालक शेखर भी हक्काबक्का रह गए । उधर बाइक सवार बालक समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद स्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। आनन फानन में राहगीरों ने घायलों को उठाया और उपचार के लिए एनटीपीसी अस्पताल भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया। सूचना मिलने पर दर्री पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने चालक के विरूद्ध कार्रवाई कर कार जब्त कर लिया।