नईदुनिया प्रतिनिधि कोरबा। दैनिक उपयोग के लिए कराए गए बोर का पानी पीने के बाद पत्नी और पड़ोसन की तबीयत बिगड़ गई। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। घर मालिक की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपित के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर इस बात का पता लगाया जा रहा है कि आखिर बोर के पानी में जहरीला पदार्थ किसके द्वारा, कब और क्यों मिलाया गया।
विजय कुमार साहू ग्राम पीपरकुण्डा पाली चौकी कोरबी थाना पसान का निवासी है। 26 अक्टूबर 2024 की रात में किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा उसके घर के बाड़ी में लगे बोर में जहरीला पदार्थ डाल दिया गया था, जिससे सुबह पानी भरे, खाना बनाने व पानी पीने के लिए परिजन उपयोग किए।
इस पानी को पीने के बाद पत्नि रोशनी साहू एवं पड़ोसी फूलमती पति नानसाय धनुहार दोनों को चक्कर आने लगा, सिर भारी लगने लगा। तेजी से तबियत बिगड़ने लगा तो नजदीक के स्वास्थ्य केन्द्र खड़गवां में भर्ती करा दिये।
बोर के पानी से कीटनाशक जैसी बदबू आ रही है। संदेह के रूप में प्रार्थी ने पुलिस को बताया है कि आज से पांच वर्ष पहले प्राणघातक हमला करने की कोशिश राजू राम एवं उनके साथियों ने किया था। घटना के दौरान मोबाइल भी तोड़ दिये थे, जिसका समझौता ग्राम पंचायत धनपुर के सरपंच शिवकुमार के द्वारा किया गया था।
अभी फिर 20 अक्टूबर को जान से मारने की धमकी दिया व हाथापाई करने की कोशिश किया था। इनसे प्रार्थी को भविष्य में किसी प्रकार का जनहानि एवं संपत्ति का घटना होने का भय है। फिलहाल पसान पुलिस ने विजय की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 118(1) के तहत जुर्म दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
नईदुनिया प्रतिनिधि कोरबा। रामपुर स्थित परिवार परामर्श केंद्र में पति-पत्नी काउंसलिंग के लिए पहुंचे थे। इस दौरान पति ने जहर का सेवन कर लिया, जहां उसकी मौत हो गई।
यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। छतराम उम्र (41वर्ष) अपनी पत्नी के साथ काउंसलिंग के लिए परिवार परामर्श केंद्र पहुंचा था। बुधवार को काउंसलिंग के दौरान छतराम शराब के नशे में था, जिसके चलते काउंसलिंग नहीं हो पाई। घर लौटते समय उसने जहर का सेवन कर लिया। इस घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छतराम को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान आज उसने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि छतराम मूलतः बाराद्वार निवासी था। वह खरमोरा के इंडस्ट्रियल एरिया में किराया के मकान पर रहता था। पति पत्नी के बीच चल रहे विवाद के कारण वे पिछले एक माह से अलग रह रहे थे। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्यवाही कर रही है।
नईदुनिया प्रतिनिधि कोरबा। जिले में फिर लोमड़ी के हमले में छह लोग घायल हो गए हैं। घायलों को पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया है। बतरा और पोड़ी गांव में हमला किया है। लोमड़ी ने चार बच्चों के साथ एक महिला और बुजुर्ग को निशाना बनाया है। घायलों को हालत गंभीर बताई जा रही है। पोड़ी निवासी गीता बाई जंगल की ओर गई थी। इसी दौरान लोमड़ी ने हमला कर घायल कर दिया।
वहीं नगराहीपारा से तीन लोगों में एक बुजुर्ग और दो बच्चे शामिल हैं। इसमें योगेश कुमार राज 11 वर्ष अंश वीर मरावी 11 वर्ष लाला राम मरावी 75 वर्ष शामिल हैं। इसके साथ ही सोनसरी निवासी राजेंद्र कुमार टेकाम 13 वर्ष रितु कुमारी 11 वर्ष को गांव से लगे नदी किनारे लोमड़ी ने हमला कर घायल कर दिया। क्षेत्र में लोमड़ी के हमले से ग्रामीणों में वन विभाग को लेकर नाराजगी भी है।