
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा। इंटरनेट मीडिया पर रील बनाने के लिए गरबा पोशाक पहनी तीन महिलाओं ने चलती कार पर खतरनाक स्टंट किया। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर में दुर्गा पंडाल तक पहुंचने वाले मार्ग पर हुई इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है।
वायरल वीडियो में गरबा पोशाक पहनी एक महिला कार के बोनट पर लेटी नजर आ रही है, जबकि दो अन्य महिलाएं कार के दोनों तरफ के दरवाजों पर लटककर डांस कर रही हैं। वीडियो में दुर्गा पंडाल तक जाने वाले मार्ग पर सजावट के लिए लगाई गई झालर भी दिखाई दे रही हैं। महिलाओं ने 'जस्ट चील चील चील' गाने पर स्टंट का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट किया था। इसके साथ लिखा था, फ्रीडम उसी को मिलती है, जो घर में गाली खाने का जिगरा रखता हो।
वीडियो में दिख रही काले रंग की कार स्वीट्स कारोबारी राजेंद्र बरनवाल की बताई गई है। बोनट पर लेटी महिला उनकी पत्नी विदिशा बरनवाल हैं। कार का पंजीयन नंबर सीजी 12 बीवी 6007 है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इस तरह की हरकत को खतरनाक बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने वाहन के पंजीयन नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। #CGpolice #KorbaNews #ViralVideos https://t.co/Xld0WBTHq7
— NaiDunia (@Nai_Dunia) October 18, 2026
पुलिस ने वाहन के पंजीयन नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि चलती कार के बोनट और दरवाजों पर इस तरह स्टंट करने से महिलाओं के साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी।
वाहन मालिक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। वीडियो में दिखाई दे रही महिलाओं के विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने युवाओं से सड़क पर इस तरह के खतरनाक करतब नहीं करने की अपील की है।