• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
  • वेब स्टोरीज
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • शारदीय नवरात्रि
  • होम
  • छत्तीसगढ़
  • कोरबा

कोरबा में हादसों का कहर: दो ड्राइवरों समेत तीन की मौत, इलाके में मातम, बेकाबू रफ्तार ने उजाड़ा हंसता-खेलता परिवार

कोरबा जिले में सोमवार को भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुए अलग-अलग सड़क हादसों में दो ड्राइवरों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। बलगी क्षे...और पढ़ें

By Pradeep BarmaiyaEdited By: Manoj Kumar Tiwari
Publish Date: Mon, 19 Oct 2026 10:18:40 PM (IST)Updated Date: Mon, 19 Oct 2026 10:18:40 PM (IST)
कोरबा में हादसों का कहर: दो ड्राइवरों समेत तीन की मौत, इलाके में मातम, बेकाबू रफ्तार ने उजाड़ा हंसता-खेलता परिवार
कोरबा में हादसों का कहर

HighLights

  1. बलगी में अज्ञात भारी वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत।
  2. दर्री थाने के सामने हाइवा-ट्रेलर भिड़ंत में ड्राइवर की गई जान।
  3. ढेलवाडीह बायपास पर बाइक बचाने के चक्कर में पलटा ट्रेलर।

नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा: जिले में भारी वाहनों की बेकाबू रफ्तार और लापरवाही ने एक बार फिर तीन लोगों की जिंदगी लील ली। सोमवार को अलग-अलग इलाकों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में बाइक सवार एक युवक और हाइवा ड्राइवर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य घटना में बाइक सवार को बचाने के प्रयास में गेहूं से भरा ट्रेलर पलट गया। लगातार हो रहे इन हादसों ने भारी वाहनों के संचालन और यातायात सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बलगी में शराब दुकान के पास भारी वाहन ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत

बलगी क्षेत्र में सोमवार को शराब दुकान के पास अज्ञात भारी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान दीपका निवासी 28 वर्षीय शिव प्रसाद (पिता रामस्वरूप बजाज) के रूप में हुई है। हादसे के बाद ड्राइवर वाहन सहित मौके से फरार हो गया।


मृतक शिव प्रसाद अपनी बाइक (क्रमांक सीजी 07 बीक्यू 2167) से बलगी क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान शराब दुकान के पास एक अज्ञात भारी वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर चोट लगने से उसकी घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

शिव प्रसाद शादीशुदा था और एक निजी कंपनी में काम करता था। उसके परिवार में पत्नी और छह वर्ष का एक मासूम बच्चा है। अचानक हुई इस दुर्घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और मातम छा गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर फरार वाहन और उसके ड्राइवर की पहचान करने में जुटी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने रोष जताते हुए कहा कि शराब दुकान के पास भारी वाहनों की बेतहाशा आवाजाही से हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में वाहनों की गति नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।

दर्री थाना के सामने हाइवा और ट्रेलर की भीषण टक्कर, केबिन में फंसे ड्राइवर की मौत

जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार तड़के दर्री थाना के ठीक सामने एक हाइवा और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें हाइवा ड्राइवर की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर अंदर ही केबिन में फंस गया। पुलिस को कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकालना पड़ा।

मृतक की पहचान 51 वर्षीय दिल सिंह सिदार (निवासी पंतोरा, जिला जांजगीर-चांपा) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह हादसा सोमवार सुबह करीब चार बजे हुआ। हाइवा (क्रमांक सीजी 12 बीयू 8776) और ट्रेलर (क्रमांक सीजी 13 बीएम 5243) आमने-सामने भिड़ गए। दुर्घटना के बाद ट्रेलर ड्राइवर मौका पाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया।

सूचना मिलते ही दर्री पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त केबिन से शव निकलवाकर जिला अस्पताल भिजवाया। कोरबा में भारी वाहनों की बेलगाम आवाजाही के बीच इस तरह के हादसे आम लोगों और ड्राइवरों के लिए चिंता का विषय बन चुके हैं। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और फरार ट्रेलर ड्राइवर व वाहन मालिक की तलाश की जा रही है। स्वजन के थाने पहुंचने पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

ढेलवाडीह-कटघोरा बायपास: बाइक सवार को बचाने के फेर में पलटा गेहूं लदा ट्रेलर

कोरबा जिले में सोमवार को एक और बड़ा हादसा टल गया, हालांकि इसमें भारी नुकसान हुआ। ढेलवाडीह-कटघोरा बायपास मार्ग पर अहिरन नदी के पास रविवार देर रात एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में गेहूं से भरा भारी ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत के पास पलट गया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने या जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन ट्रेलर में लदे गेहूं को भारी क्षति पहुंची है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेलर (क्रमांक एनएल 01 एजे 5558) शहडोल से गेहूं लोड कर रायगढ़ की ओर जा रहा था। रविवार रात करीब एक बजे अहिरन नदी के पास अचानक सड़क पर एक बाइक सवार सामने आ गया। उसे बचाने की कोशिश में ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रेलर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने इस मामले में भी अपराध दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने एक बार फिर परिवहन और यातायात नियमों के पालन पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।