
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा। बालको थाना क्षेत्र के ढेंगुरनाला पुल के नीचे दो वर्षीय मासूम बच्चे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रामपुर बस्ती निवासी दिनेश कुमार बरेठ के पुत्र केशव के रूप में हुई है। केशव बुधवार से लापता था और उसके स्वजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे। गुरुवार शाम उसका शव पानी में मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया।
केशव के माता-पिता दिहाड़ी मजदूर हैं। बुधवार को दोनों लाल घाट में मजदूरी करने गए थे और अपने दो वर्षीय बेटे केशव को भी साथ ले गए थे। काम समाप्त होने के बाद वे नाला पार कर ढेंगुरनाला के पास एक पेड़ के नीचे रुके।
बताया गया कि पिता कुछ दूरी पर चले गए, जबकि मां पेड़ के नीचे बैठकर केशव को दूध पिला रही थी। इसी दौरान मां को नींद आ गई। पुलिस के अनुसार, मां की आंख लगने के बाद केशव खेलते-खेलते वहां से निकल गया। जब मां की नींद खुली तो बच्चा आसपास नहीं मिला। इसके बाद माता-पिता और स्वजन ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
स्वजन को आशंका थी कि बच्चा खेलते-खेलते नाले की ओर चला गया होगा और पानी में डूब गया होगा। गुरुवार शाम स्थानीय लोगों ने ढेंगुरनाला पुल के नीचे पानी में एक बच्चे का शव देखा। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
बालको थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और स्वजन को बुलाकर पहचान कराई। परिजनों ने शव की पहचान केशव के रूप में की। पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कराया और शव स्वजन को सौंप दिया।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हादसा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि ढेंगुरनाला काफी बड़ा है, लेकिन यहां सुरक्षा के लिए सेफ्टीवाल नहीं बनाई गई है। लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। कुछ दिन पहले भी इसी ढेंगुरनाला में तेज बहाव की चपेट में आने से एक पति-पत्नी बह गए थे, जिसमें पति की मौत हो गई थी, जबकि पत्नी तैरकर अपनी जान बचाने में सफल रही थी।