
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा: शहर के तहसील कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक अलमारी के पीछे जहरीला कोबरा सांप बैठा मिला। कार्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग राजस्व संबंधी कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सांप की मौजूदगी से किसी अप्रिय घटना की आशंका बढ़ गई थी। सूचना मिलने पर वन विभाग और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
तहसील कार्यालय में एक अलमारी के पीछे कोबरा सांप दिखाई देने के बाद इसकी सूचना वन विभाग और सर्पमित्र की टीम को दी गई। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। सर्पमित्र टीम के अध्यक्ष अविनाश यादव ने टीम के सदस्य मानस के साथ सावधानीपूर्वक कोबरा को पकड़ा और सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया।

इस दौरान पूरी सतर्कता बरती गई, ताकि किसी को नुकसान न पहुंचे और सांप भी सुरक्षित रहे।रेस्क्यू के बाद उप वनमंडल अधिकारी मणिकांत वर्मा के मार्गदर्शन में कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास के अनुकूल स्थान पर सुरक्षित छोड़ दिया गया। समय रहते रेस्क्यू हो जाने से तहसील कार्यालय में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं, सांप को भी बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित उसके प्राकृतिक वातावरण में पहुंचा दिया गया।
सांप दिखने पर रेस्क्यू टीम को दें सूचना वन विभाग और सर्पमित्र की टीम ने लोगों से अपील की है कि घर, कार्यालय या किसी अन्य स्थान पर सांप दिखाई देने पर उसे मारने या स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें। ऐसा करना खतरनाक हो सकता है। सांप दिखने पर तत्काल प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि उसे सुरक्षित तरीके से पकड़कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।
यह भी पढ़ें- सूरजपुर, रायगढ़ और बीजापुर के लिए खुशखबरी: वनांचल में सुधरेगी मैदानी व्यवस्था, बनेंगे संसाधन केंद्र भवन