Korba Crime News: जन्मदिन मनाने जा रहे युवक की सड़क दुर्घटना में मौत, दो घायल
सूचना मिलने पर डायल 112 व पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को पाली अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
By Pradeep Barmaiya
Edited By: Yogeshwar Sharma
Publish Date: Sun, 11 Feb 2024 12:05:17 AM (IST)
Updated Date: Sun, 11 Feb 2024 12:05:17 AM (IST)
HighLights
- दुर्घटना कटघोरा- बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग में मुनगाडीह पुलिया के पास हुई।
- पार्टी मनाने के लिए बाइक में सवार होकर बिलासपुर जा रहा था।
- बाइक चला रहे मयंक की मौके पर ही मौत हो गई।
कोरबा (नईदुनिया प्रतिनिधि)। अपने मित्रों के साथ जन्मदिन की पार्टी मनाने जा रहे एक युवक की ट्रेलर के चपेट में आने से मौत हो गई। वही दो अन्य मित्र घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
घटना कटघोरा- बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग में मुनगाडीह पुलिया के पास हुई। बताया जा रहा है कि बांकीमोंगरा निवासी मयंक चौधरी का नौ फरवरी को जन्मदिन था। इस मौके पर देर शाम वह अपने दो दोस्त पीयूष व सत्यप्रकाश के साथ पार्टी मनाने के लिए बाइक में सवार होकर बिलासपुर जा रहा था। रात में आठ बजे कटघोरा बिलासपुर हाईवे मार्ग पर मुनगाडीह के पास पहुंचा था, तभी तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया। घटना में बाइक चला रहे मयंक की मौके पर ही मौत हो गई। उसके दोनों दोस्त को गंभीर चोटें आई। सूचना मिलने पर डायल 112 व पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को पाली अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
परिवार का इकलौता बेटा था मंयक
बताया जा रहा है कि गजरा बस्ती निवासी मृतक 17 वर्षीय मयंक चौधरी कक्षा दसवीं का छात्र था। पिता सुनील चौधरी आटो चलाते हैं और मयंक उनका इकलौता बेटा था। परिवार में एक बेटी भी है। उन्होंने कहा कि मयंक का जन्मदिन होने के कारण परिवार में सभी लोग खुश थे। वह अपने रिश्तेदार के यहां बिलासपुर में जन्मदिन मनाने की बात कह कर अपने दोस्तों के साथ निकला था।