
नईदुनिया न्यूज़, बिश्रामपुर: जिले में एक महिला के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है। चरित्र शंका के चलते एक पति ने अपनी पत्नी के साथ न केवल मारपीट की, बल्कि उसके सिर के बाल का मुंडन कर दिया, चेहरे और शरीर पर इंजन आयल व कालिख पोत दी तथा पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया। पीड़िता ने मामले की शिकायत पटना थाना में दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार करंजी निवासी महिला ने 20 वर्ष पूर्व ग्राम रुनियाडीह के एक युवक से प्रेम विवाह किया था। दोनों के चार बच्चे हैं। स्वजन के अनुसार पिछले एक वर्ष से पति-पत्नी के बीच चरित्र शंका को लेकर विवाद चल रहा था। लगातार कलह के कारण महिला अपने मायके करंजी में रह रही थी, जबकि उसका पति मजदूरी करने रायपुर चला गया था। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों पति रायपुर से वापस लौटा। उसे जानकारी मिली कि उसकी पत्नी कोरिया जिले के कटकोना क्षेत्र में अपने भांजे के पास रह रही है। इसके बाद रविवार को वह अपने चारों बच्चों को साथ लेकर कटकोना पहुंच गया। आरोप है कि वहां पहुंचते ही उसने पत्नी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए।
पीड़िता का आरोप है कि पति ने उसके आधे बाल काट दिए और बाद में सिर पर ग्रीस व मोबिल आयल डालकर जबरन मुंडन कर दिया। इतना ही नहीं, उसके चेहरे और शरीर पर कालिख पोती गई तथा उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। महिला ने आरोप लगाया है कि पति ने बच्चों के सामने उसकी पिटाई की और उनसे भी मारपीट करवाई। पीड़िता का यह भी आरोप है कि उसके साथ बेहद अमानवीय व्यवहार किया गया तथा पूरी घटना का वीडियो बनाकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का प्रयास किया गया।
घटना के बाद किसी तरह पीड़िता अपने मायके पहुंची, जहां उसने स्वजन को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजन उसे लेकर पटना थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है तथा संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
इधर घटना की जानकारी मिलने पर जिले के कांग्रेस नेता पंकज तिवारी ने पीड़िता से मुलाकात कर मामले को गंभीर मानवाधिकार और महिला उत्पीड़न का मामला बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला के साथ इस प्रकार का अमानवीय व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग, गृह मंत्रालय तथा पुलिस महानिदेशक को शिकायत भेजकर आरोपित के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता की मां और भाई ने भी आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उनकी बेटी के साथ क्रूरता की सारी सीमाएं पार कर दी गईं। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुरूप आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पढ़िए क्या है पूरा मामला—
प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत : २० साल पहले जिस शख्स के साथ महिला ने सात फेरे लिए थे, उसी ने शक के दायरे में आकर क्रूरता की सारी सामाजिक और कानूनी सीमाएं लांघ दीं।
मासूम बच्चों का किया इस्तेमाल: पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पति ने खौफ का ऐसा माहौल बनाया कि घबराकर बच्चों को भी अपनी ही मां के साथ मारपीट में शामिल होना पड़ा।
मानवाधिकार उल्लंघन का मामला: जिला कांग्रेस नेता पंकज तिवारी ने पीड़िता से मुलाकात कर इसे गंभीर मानवाधिकार हनन बताया और पुलिस महानिदेशक (DGP) व गृह मंत्रालय को पत्र लिखा है।
आरोपी की सरगर्मी से तलाश: पटना थाना प्रभारी के अनुसार, पीड़िता की मां और भाई के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस की एक विशेष टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।