छत्तीसगढ़ के महासमुंद में कार और ट्रक की टक्कर में 6 लोगों की मौत, मृतकों में एक परिवार के 5 सदस्य
इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
Publish Date: Thu, 13 Mar 2025 07:06:46 PM (IST)
Updated Date: Thu, 13 Mar 2025 07:11:52 PM (IST)
हादसे में कार और ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।HighLights
- ताहर सिंह ठाकुर रायपुर में अपनी पुत्री से मिलकर वापस बागबाहरा लौट रहे थे।
- घटना के बाद पुलिस ने सभी शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा भेजा।
- दूसरी तरफ घायल ट्रक चालक को महासमुंद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
नईदुनिया प्रतिनिधि। महासमुंद। एनएच 353 पर बागबाहरा के पास गुरुवार को कार और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही खल्लारी पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से मृतकों और घायलों को बाहर निकाला।
![naidunia_image]()
- जानकारी के अनुसार, कार क्रमांक सीजी 04 क्यूए 4757 रायपुर से बागबाहरा की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक (क्रमांक एचआर 56 बी 7341 बागबाहरा से महासमुंद की ओर आ रहा था। इसी दौरान आमने-सामने की जमकर टक्कर हो गई।
मृतकों की पहचान राजस्व निरीक्षक ताहर सिंह ठाकुर (52), बिन्देश्वरी ठाकुर (48), वैभवी ठाकुर (19), तृप्ति ठाकुर (32), सरोजनी ठाकुर (37) और कार चालक सूरज कंसारी (30) सभी निवासी बागबाहरा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि ताहर सिंह ठाकुर रायपुर में अपनी पुत्री से मिलकर वापस बागबाहरा लौट रहे थे। तभी यह घटना हुई।
घटना के बाद पुलिस ने सभी शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा भेजा, जबकि घायल ट्रक चालक को उपचार के लिए महासमुंद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।