
वेदराम पटेल, महासमुंद। ग्राम परसदा (बेमचा) के किसान विवेक चंद्राकर धान की परंपरागत खेती से हटकर सब्जी और फल की खेती कर लाखों रुपए कमा रहे हैं। इतना ही नही वे तीन गांव के 55 मजदूरों को नियमित रोजगार भी दे रहे हैं। नगदी फसलों की खेती कर अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बन गए हैं। वे वैज्ञानिक पद्धति से करेला, मिर्च, टमाटर और खीरा की खेती कर लाखों रुपए कमा रहे हैं।
महासमुंद से करीब 7 किलोमीटर दूर परसदा ब गांव है। किसान विवेक गांव के किसानों को हाइटेक खेती करने की सलाह देने के साथ ही खुद भी उन्नत तरीकों को अपनाते हैं। मिट्टी की जांच, अच्छे किस्म केबीज, उन्नत तकनीक और उचित खाद का प्रयोग कर भरपूर फसल ले रहे हैं।
विवेक ने बताया कि तुमगांव रोड किनारे परसदा और कौंदकेरा के बीच उनका 9 एकड़ खेती की जमीन है। जहां परंपरागत ढंग से धान आदि की खेती करने पर लाभ होने के बजाय नुकसान हो रहा था। तब उन्होंने फसल परिवर्तन का रास्ता चुना। वर्तमान में करीब 3 एकड़ में मिर्च और 6 एकड़ में करेला लगाया है।
इन फसलों की सिंचाई टपक पद्धति (ड्रीप सिस्टम) से की जा रही है, जिसमें मिर्च साल भर की फसल है और करेला 3 से 4 महीने की। उन्होंने बताया कि मिर्च का थरहा 30 दिन में तैयार होता है। जिसे क्यारी बनाकर रोपाई किया जाता है। मिर्च 45 दिनों के बाद लाभ पहुंचाना शुरू कर देता है।
वहीं करेले को सीधा क्यारी बनाकर बो दिया जाता है, जो करीब 40-45 दिन में फलने के लायक हो जाता है। इस बार वे शिल्पा-735 किस्म के मिर्च (मीडियम तीखा) और करेला वीएनआर-28 किस्म के करेले की खेती की है। सिंचाई के लिए मात्र एक ट्यूबवेल है, ड्रीप सिस्टम होने के कारण पानी की पूर्ति बराबर हो रही है।
फसल चक्र को अपनाया
विवेक ने बताया कि वे अपने खेतों में फसल चक्रण के हिसाब से खेती करते हैं। उनका मानना है कि इसे अपनाकर यदि खेती की जाए तो कम लागत में ज्यादा कमाया जा सकता है। मिट्टी की उर्वरक क्षमता बनी रहती है। फसल चक्रण में खेतों की जुताई भी ठीक से हो जाती है और तीन माह के अंतराल वाली फसल लेने के बाद जुताई कर करीब माह भर तक सूखने के लिए छोड़ दिया जाता है।
समाजशास्त्र में एमए करने के बाद कर रहे खेती
बीएससी के बाद समाजशास्त्र में एमए तक शिक्षित विवेक ने बताया कि वे पीएससी की मेन्स परीक्षा में असफल हो गए। इसके बाद उन्नत तरीके से खेती करने का ठान लिया और कुम्हारी (दुर्ग) के उन्नत किसान दिलीप राठौर के पास करीब साल भर तक ट्रेनिंग ली। ट्रेनिंग पूरी होते ही तुमगांव रोड किनारे खाली पड़े अपनी पुश्तैनी जमीन में सब्जी की खेती करने की तैयारी शुरू कर दी। पिछले करीब तीन साल से करेला, मिर्च, टमाटर और खीरा की खेती कर लाखों रुपए कमा रहे हैं।
तीन गांव के 55 मजदूरों को मिला रोजगार
विवेक ने बताया कि उनके खेतों में सोरिद, लोहारडीह और परसदा ब के 40 महिला और 15 पुरुष साल भर काम करते हैं। खेत में काम कर रहे मजदूरों ने बताया कि इससे पहले उनके समक्ष रोजगार की समस्या थी। जब से विवेक सब्जी की खेती कर रहे हैं, तब से उन्हें काम के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ा है। मजदूरी करने के साथ वे सब्जी उत्पादन करने का तरीका भी सीख रहे हैं।
आसपास की मंडियों में सब्जी की मांग
विवेक ने बताया कि करेला, मिर्च, टमाटर और खीरा को वे महासमुंद, रायपुर, भिलाई और कुम्हारी के मंडियों में बेचते हैं। इन सब्जी मंडी में सब्जियों की मांग बनी रहती है, जिसके कारण सब्जी की फसल लेने से यह नगदी फसल साबित हो रही है। खेती को सर्वोत्तम व्यवसाय बताते हुए विवेक कहते हैं कि इससे आत्मनिर्भर होने के साथ ही समाज सेवा का सुख जुड़ा हुआ है।
दोगुना हो रहा खेती में लाभ
विवेक ने दावा किया है कि तीन से 4 महीने में एक एकड़ में करीब 10 टन करेला का उत्पादन होता है। वहीं साल भर में मिर्च एक एकड़ में 20 टन उत्पादन होता है। मिर्च और करेला की खेती करने में एक एकड़ में 25 हजार से एक लाख रुपए तक लागत आती है। किसान सीजन के हिसाब से मुनाफा कमा सकते हैं। मंडी में सब्जी का भाव बराबर मिला तो एक लाख लागत लगाकर कम से कम किसान एक लाख रुपए लाभार्जन कर सकते हैं।
ग्राम मालीडीह के किसान किशोर चंद्राकर विवेक से ट्रेनिंग लेकर गांव में टमाटर की खेती कर रहे हैं। समय-समय पर विवेक के पास पहुंचकर जानकारी हासिल करते हैं। इसके साथ ही आसपास क्षेत्र के किसान वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने के गुर सीखने इनके पास पहुंचते हैं।