
नईदुनिया न्यूज़, बागबाहरा। अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने गई आबकारी विभाग की टीम पर ग्रामीणों के आक्रोश का कहर टूट पड़ा। बोकरामुड़ा खुर्द के आश्रित ग्राम दुमानीपारा में शनिवार को दबिश देने पहुंची टीम को न केवल भारी विरोध का सामना करना पड़ा, बल्कि ग्रामीणों ने टीम पर हमला बोलते हुए कर्मचारियों के साथ जमकर मारपीट की। हमले में उप निरीक्षक सहित प्लेसमेंट कर्मचारी घायल हुए हैं। मामले में बागबाहरा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपितों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोकरामुड़ा खुर्द के आश्रित ग्राम दुमानीपारा में दशोबाई मांझी के घर भारी मात्रा में कच्ची शराब बनाने की तैयारी चल रही है। सूचना की तस्दीक के बाद सुबह करीब 9:30 बजे आबकारी की टीम किराए के वाहन क्रमांक सीजी 04 पीजेड 3523 में सवार होकर मौके पर पहुंची।
घर की तलाशी लेने पर टीम को जरकिन में भरा करीब 80 किलोग्राम महुआ लाहन (पास) बरामद हुआ। आबकारी टीम द्वारा जब्त किए गए महुआ लाहन को कब्जे में लेकर मौके पर ही पंचनामा तैयार करने की वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर रही थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां एकत्रित हो गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि ग्रामीण उग्र होकर मारपीट पर उतारू हो गए।
ग्रामीणों के इस अचानक हुए हमले में आबकारी उप निरीक्षक आनंद स्वर्णकार, आरक्षक सौरभ सिंह सहित प्लेसमेंट कर्मी सेल्समैन ललित राजपूत को चोटें आई हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल बागबाहरा पुलिस और डायल 112 को सूचना दी गई, जिसके बाद बागबाहरा पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और आबकारी की टीम को सुरक्षित थाने लाए।
शासकीय कार्य में बाधा डालने, दस्तावेज नष्ट करने और टीम पर हमला करने के मामले में बागबाहरा पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115, 351, 221(1), 191(2), 132, 236(ग) और 324(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। बागबाहरा पुलिस टीम वीडियो फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
इस पूरे घटनाक्रम में आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि विभाग के पास मैदानी अमले की संख्या कम होने के कारण छापामार जैसी संवेदनशील कार्रवाई में सरकारी शराब दुकान के प्लेसमेंट कर्मचारी (सेल्समैन) ललित राजपूत को भी साथ ले जाया गया था। स्थानीय स्तर पर परिचित होने या कार्रवाई के दौरान हस्तक्षेप के चलते ग्रामीणों में नाराजगी भड़क गई, बताया जाता है कि ललित के कारण लोग उस पर मुखबिरी का संदेह करने लगे और देखते ही देखते गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया, जो बाद में हिंसक झड़प में तब्दील हो गया।
आबकारी अमले के साथ ग्रामीणों द्वारा मारपीट की यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले इसी वर्ष झलप में भी ऐसी घटना हुई है, जिसमे ग्रामीणों ने ततकालीन प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी अजय पांडेय को दौड़ा दौड़ा कर पीटा था। मामले में एफआईआर हुई और कुछ आरोपित पकड़े गए।