
महासमुंद (ब्यूरो)। बसना ब्लॉक के ग्राम भौंरादादर में मलेरिया से दो लोगों की मौत हो गई है। वहीं एक व्यक्ति अभी भी गंभीर रूप से बीमार है। जिसका उपचार जारी है। मिली जानकारी के अनुसार भौंरादादर निवासी अशोक सिदार (23) पिता संतलाल को मलेरिया बुखार के चलते 7 मई को अग्रवाल नर्सिंग होम में भर्ती किया गया था। जहां उपचार के दौरान 9 मई को उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार अशोक का मलेरियल फीवर दिमाग तक पहुंच गया था। इसी गांव की सुकांति (36) पति बच्चन गोंड़ को 4 मई को मेकाहारा रायपुर में भर्ती किया गया, जहां उपचार के दौरान 6 मई को महिला की मौत हो गई। महिला को प्लाज्मोडियम फेल्सीपेरम मलेरिया था। भौंरादादर की मितानिन विमला के पति आनंद गोंड़ (35) भी मलेरिया से पीड़ित हैं। जिसका उपचार गांव में स्वास्थ्य टीम द्वारा किया जा रहा है। गांव में मलेरिया से मौत को देखते हुए कलेक्टर आर शंगीता के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने भौंरादादर, नवगढ़ी व मिलाराबाग में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया है।
शहर में मिला एक पीलिया पीड़ित
सिविल सर्जन से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 24 में शिवरात्रि बघेल (42) पिता पीलूराम बघेल को पीलिया के इलाज के लिए शनिवार 10 मई को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। नगर के वार्ड क्रमांक 22, 23 व 24 में 10 मई को स्वास्थ्य जांच शिविर लगाई गई। वार्ड क्रमांक 24 के शिविर में शिवरात्रि को स्वास्थ्य जांच के लिए लाया गया। यहां डॉक्टर ने शिवरात्रि की जांच की और उपचार की तुरंत जरूरत बताते हुए संजीवनी 108 की मदद से जिला अस्पताल दाखिल कराया। जहां उपचार जारी है। 10 मई को आयोजित शिविर में वार्ड 22 से 152 लोगों ने जांच कराया। जिसमें 6-7 संदेहास्पद रहे। इसी तरह वार्ड 23 में 22 लोगों ने जांच कराया। वार्ड 24 में 27 लोगों ने जांच कराया, जिसमें 1 संदेहास्पद और 1 शिवरात्रि बघेल पूर्ण रूप से पीलिया के मरीज के रूप से पहचाना गया। जिसे उपचार के लिए भेजा गया।
तुसदा में भी पीलिया के मरीज
ग्राम पंचायत तुसदा के आश्रित ग्राम पेंड्रा में दो लोगों को पीलिया से पीड़ित होने का संदेह जताया गया है। जानकारी के अनुसार यहां गरिमा यादव (5) पिता अर्जुन यादव व धर्मेंद्र निर्मलकर (40) पिता पवन निर्मलकर के शरीर व आंखों में पीलापन देखा गया है। ग्रामीण रामुकमार सिन्हा, सुनील सिन्हा ने बताया कि गांव में स्वास्थ्य टीम के जरिए स्वास्थ्य जांच कराने की जरूरत है।
'नगर में स्वास्थ्य जांच शिविर के दौरान वार्ड क्रमांक 24 में पीलिया का एक मरीज मिला है। जिसे अस्पताल में दाखिल किया गया है। पीलिया पीड़ित शिवरात्रि का उपचार किया जा रहा है। पीलिया के लक्षण दिखने या सामान्य रूप से भी तकलीफ होने पर अस्पताल पहुंचकर चिकित्सक से परामर्श लें। स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही बरतना सही नहीं है।'
-डॉ. आरके परदल, सिविल सर्जन जिला अस्पताल महासमुंद
वर्जन
''बसना ब्लॉक के ग्राम भौंरादादर, नवगढ़ी व मिलाराबाग में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया है। भौंरादादर में अशोक सिदार और सुकांति गोंड की मौत मलेरिया से हुई है। इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति बीमार है। जिसका उपचार किया जा रहा है। मैं खुद इस क्षेत्र के दौरे पर हूं। स्वास्थ्य अमले का क्षेत्र पर पूरा नियंत्रण है।
-डॉ एकेएस रात्रे, सीएमएचओ महासमुंद