
नईदुनिया प्रतिनिधि। महासमुंद। महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर क्षेत्र में रविवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे रोपवे का केबल टूटने से बड़ा हादसा हो गया। इससे रोपवे की दो ट्रॉलियां दुर्घटनाग्रस्त हो गईं, जिससे एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए। इस घटना में रायपुर के राजा तालाब निवासी 28 वर्षीय शिक्षिका आयुषी साठकर की जान चली गई, जबकि उनके पति ऋषभ गंभीर रूप से घायल हैं।
बताया जा रहा है कि मंदिर में दो वर्ष पहले ही रोपवे लगाया गया था। इसके रखरखाव की जिम्मेदारी कोलकाता स्थित कंपनी रोपवे एंड रिसार्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को सौंपी गई है। चार दिन पहले ही रोपवे का मेंटेनेंस कराया गया था और इसका नियमित रखरखाव हर तीन महीने में होता है।
पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि इस हादसे में कंपनी, स्थानीय कर्मचारी बीरबल जंघेल, रामेश्वर यादव पर एफआईआर दर्ज हुई। यह रिपोर्ट मंदिर प्रबंधन के द्वारा दर्ज कराई गई है।। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शोक जताते हुए कहा है कि जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर रोप-वे सेवा को तत्काल बंद कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी श्रद्धालु सुबह खल्लारी माता के दर्शन के लिए पहुंचे थे। पहले उन्होंने नीचे स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना की, इसके बाद रोप-वे के माध्यम से पहाड़ी स्थित मंदिर पहुंचे। दर्शन के बाद जब वे नीचे लौटने के लिए ट्राली में सवार हुए, तभी अचानक रोप-वे का तार टूट गया। एक ट्राली 100 फीट की ऊंचाई से अनियंत्रित होकर तेज गति से पहाड़ी से नीचे लुढ़कते हुए बड़े पत्थरों से टकराती चली गई।
ऊंचाई से गिरी ट्रॉली में राजा तालाब के ऋषभ, उनकी पत्नी आयुषी सहित चार लोग और महासमुंद के तीन लोग सवार थे। हादसे के बाद ग्रामीण, पुलिस के जवान व भंडारा समिति के सदस्य लोगों की सहायता करने दौड़े और घायलों को पहाड़ी से बाहर निकालकर तुरंत बागबाहरा अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से गंभीर रूप से घायल चार लोगों को महासमुंद रेफर किया गया।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में हुई रोप-वे दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। दुर्घटना में एक श्रद्धालु के निधन के समाचार से मन व्यथित है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार हेतु आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। इस घटना की विस्तृत जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही खल्लारी पुलिस, स्थानीय ग्रामीण और श्रद्धालु तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। घायलों में रायपुर के टिकरापारा से सात, दलदल सिवनी से तीन, राजा तालाब से दो और महासमुंद से तीन लोग शामिल है।
मंदिर समिति व संचालन कंपनी के अनुबंध दस्तावेजों की जांच हो रही है, साथ ही निरीक्षण के जिम्मेदार सरकारी विभाग का भी पता लगाया जा रहा है- विनय कुमार लंगेह, कलेक्टर।
रोपवे का रखरखाव 16-18 मार्च तक हुआ और 19 मार्च से संचालन शुरू हुआ। रखरखाव कंपनी ही करती है। घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है- अजय मिश्रा, खल्लारी इंचार्ज, रोपवे एंड रिसार्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, कोलकाता।