महासमुंद। नईदुनिया प्रतिनिधि
कमरछठ और तीज पर छुट्टी नहीं मिलने से महिला सफाई मित्र व्यथित हैं। अवकाश के लिए महिला सफाई मित्रों ने नगरपालिका पहुंचकर सीएमओ से गुहार लगाई है। महिला सफाई मित्रों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस पर भी उनसे काम लिया गया था।
गौरतलब है कि नगर पालिका महासमुंद मिशन क्लीन सिटी के तहत सफाई मित्रों से महीने भर लगातार काम ले रहा है। निश्चित वेतनमान पर सफाई मित्र पूरे महीने भर काम कर रहे हैं। हर दिन रिक्शा लेकर घर-घर दस्तक देना, कचरा लेना और कचरों को मणीकंचन केंद्र ले जाकर छंटाई करने तक का कार्य सफाई मित्र बखूबी कर रहे हैं। बावजूद इन सफाई मित्रों के प्रति अधिकारियों में जरा भी सद्भावना नहीं है। राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस पर भी सफाई मित्रों को अवकाश नहीं दिया गया। देश आजादी का जश्न मनाता रहा। लोग स्कूलों और सार्वजनिक आयोजन में राष्ट्रीय उत्सव मनाते रहे। परिवार के साथ समय बीताते रहे। दूसरी ओर मिशन क्लीन सिटी के सफाई मित्र निर्धारित गणवेश धारण किए रिक्शा लेकर हर दिन की तरह घर-घर कचरा लेने दस्तक देते रहे। इन सफाई मित्रों में ज्यादातर महिलाएं हैं।
आज है कमर छठ व्रत
बुधवार 21 अगस्त को कमरछठ व्रत है। हिंदू महिलाएं बच्चों की दीर्घायु की कामना लेकर यह व्रत रखतीं हैं। पूजन करतीं है। पौराणिक कथाएं सुनतीं है। साथ ही आगामी दो सितंबर को तीज का पर्व है। तीज पर्व महिलाओं के लिए विशेष आस्था का पर्व है। यह पर्व महिलाएं अपने मायके में मनाती है। पर्व को लेकर जहां अन्य महिलाएं मायके जाने के लिए उत्सुक हैं, वहीं सफाई कार्य में सहयोग दे रहीं महिलाएं अवकाश स्वीकृति को लेकर व्यथित हैं। कमरछठ पर अवकाश की मांग को लेकर महिलाओं ने सीएमओ से सोमवार को चर्चा की, लेकिन उन्हें अपेक्षानुरूप जवाब नहीं मिला। अब महिलाओं ने अवकाश के लिए आवक-जावक में आवेदन दिया है। इस संबंध में जानकारी लेने सीएमओ रमेश जायसवाल से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल का जबाव नहीं दिया। मोबाइल संदेश और वाट्सएप पर मैसेज भेजकर जवाब चाहा गया। बावजूद सीएमओ तटस्थ रहे।
वर्जन
'सफाई मित्रों ने अवकाश की मांग के लिए सोमवार को आग्रह किया था। सीएमओ से चर्चा हुई, लेकिन वे अवकाश देने तैयार नहीं है। सफाई मित्र पूरे माह भर काम करते हैं। ऐसे पर्वो को देखते हुए मानवीय दष्टिकोण से अवकाश दिया जाना चाहिए।'
-महेंद्र जैन, पार्षद महासमुंद।
वर्जन
'सफाई मित्रों ने मुझसे अवकाश के लिए किसी तरह का संपर्क नहीं किया गया। मेरी जानकारी में अवकाश स्वीकृत नहीं है। स्वतंत्रता दिवस पर सफाई मित्रों ने काम किया है।'
-अभिषेक गुप्ता, जिला समन्वयक मिशन क्लीन सिटी।
-
वर्जन
'राष्ट्रीय पर्व पर अवकाश नहीं देना गलत है। सवैतनिक सप्ताहिक इनका अधिकार है। पालिका को चाहिए कि कर्मचारियों को रोटेशन आधार पर साप्ताहिक अवकाश दिए जाने की व्यवस्था करे। सफाई मित्रों से 30 दिन लगातार काम लिया जा रहा है तो यह श्रम कानून के मुताबिक सहीं नहीं है। नगर पालिका अधिकारी से इस संबंध में पत्राचार कर जानकारी लेंगे।'
-घनश्याम पाणीग्रही, जिला श्रम अधिकारी महासमुंद।
----------