
नईदुनिया न्यूज़,महासमुंद। महासमुंद जिले की छात्रा रागनी साहू ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अंतरराष्ट्रीय चंद्र मिशन मिशन शक्ति सेट के लिए नेशनल फाइनलिस्ट के रूप में स्थान बनाया है। शासकीय आशीबाई गोलछा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा रागनी का चयन देशभर में आयोजित ऑनलाइन स्पेस लर्निंग मॉड्यूल, तकनीकी मूल्यांकन और राष्ट्रीय साक्षात्कार के आधार पर हुआ है।
रागनी ने वर्ष 2025 में विद्यालय की अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से मिशन में पंजीयन कराया था। चयन प्रक्रिया के दौरान उन्होंने 120 घंटे के ऑनलाइन प्रशिक्षण में 21 मॉड्यूल और 550 से अधिक स्पेस, सैटेलाइट, विज्ञान, इंजीनियरिंग, नवाचार एवं नेतृत्व से जुड़े पाठ सफलतापूर्वक पूरे किए। इसके बाद तकनीकी मूल्यांकन और राष्ट्रीय साक्षात्कार में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश के केवल 20 नेशनल फाइनलिस्ट में जगह बनाई।
मिशन शक्ति सेट में 108 देशों के विद्यार्थी शामिल हैं। रागनी 22 से 31 अगस्त 2026 तक गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में आयोजित आठ दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला में भाग लेंगी। यहां अंतरराष्ट्रीय टीमों के साथ सैटेलाइट डिजाइन, पेलोड डेवलपमेंट, स्पेस साइंस, इंजीनियरिंग और नेतृत्व का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रतिभागियों को इसरो, इन-स्पेस ई भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला तथा अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों से संवाद का अवसर भी मिलेगा।
मिशन के तहत विद्यार्थियों द्वारा विकसित दो चंद्र उपग्रहों का 11 अक्टूबर 2026 को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर श्रीहरिकोटा से प्रक्षेपण प्रस्तावित है। इस उपलब्धि पर कलेक्टर विनय लंगेह, जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन एवं जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा ने रागनी, विद्यालय के प्राचार्य जी.आर. सिन्हा तथा अटल टिंकरिंग लैब प्रभारी चंद्रशेखर मिथलेश को बधाई दी। यह सफलता महासमुंद में विज्ञान और अंतरिक्ष शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों का प्रतीक मानी जा रही है।